बस्तर पुलिस का जागरूकता अभियान जारी
बस्तर। बस्तर थाना क्षेत्र के विद्यालयों में विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से थाना पुलिस द्वारा विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्कूली बच्चों को साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति तथा यातायात नियमों की जानकारी देकर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाटलोहंगा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बस्तर थाना प्रभारी सुरेश कुमार जांगड़े ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक खाते की जानकारी, आधार नंबर या पासवर्ड साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन अथवा निकटतम थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह भी दी।
कार्यक्रम में नशा मुक्ति पर विशेष जोर देते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने के साथ अपराध की ओर भी ले जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
यातायात सुरक्षा विषय पर जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि नाबालिग अवस्था में वाहन चलाना कानूनन अपराध है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना, एक वाहन पर तीन सवारी नहीं बैठाना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून का पालन कराना नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाकर अपराधों की रोकथाम करना भी है। इसी उद्देश्य से बस्तर थाना क्षेत्र के सभी विद्यालयों में जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा कक्षा 6वीं से 12वीं तक के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
