मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित तहसील कार्यालय बारसूर का किया वर्चुअल शुभारंभ

दन्तेवाड़ा :- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय से वर्चुअल रूप से दंतेवाड़ा जिले के बारसूर स्थल पर नव सृजित बारसूर तहसील का शुभारंभ किया। नवीन तहसील बारसूर, गीदम तहसील से 22 किलोमीटर दूर स्थित है, जिसका कुल क्षेत्रफल 25701.320 हेक्टेयर है। जिसमें 1 नगर पंचायत, 15 ग्राम पंचायत, 31 ग्रामों की संख्या है। जहां कुल जनसंख्या 25219 है। कुल मकबूजा रकबा 9119.71 हेक्टेयर, गैर मकबूजा रकबा 16581.61 हेक्टेयर, कुल खातेदारों की संख्या 2323, कुल पटवारियों की संख्या 07, कोटवारों की संख्या 09 है।

विधायक देवती महेंद्र कर्मा के द्वारा बारसूर स्थल पर नवीन तहसील कार्यालय का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर औषधि पादप बोर्ड उपाध्यक्ष छबिन्द्र कर्मा, जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा, जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर दीपक सोनी, वनमण्डाधिकारी संदीप बलगा, अपर कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे, एसडीएम अबिनाश मिश्रा एवं अन्य अधिकारीगण व नगरवासी मौजूद रहे। तहसील कार्यालय के शुभारंभ पश्चात जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के द्वारा तहसील कार्यालय के सभी शाखाओं जैसे तहसील न्यायालय, भुइयाँ कक्ष, कानूनगो इत्यादि का अवलोकन किया गया। विधायक देवती महेंद्र कर्मा के द्वारा हुलेश्वरनाथ खूंटे को तहसीलदार के पद पर पदस्थ किया गया। इस अवसर पर विधायक देवती महेंद्र कर्मा ने संबोधित करते हुए शुभकामनाएं दी और कहा कि बारसूर में तहसील निर्माण से दूर-दराज से आये लोगों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। छबिन्द्र कर्मा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता की तकलीफों को देखते हुए विधायक के मार्गदर्शन में कार्य हुए हैं। आज राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन मजदूर न्याय योजना, शहीद महेंद्र कर्मा तेंदूपत्ता योजना, समाजिक सुरक्षा योजना, गोधन न्याय योजना, मुख्यमंत्री सुलभ स्वास्थ्य योजना, इत्यादि राशि का अंतरण हितग्राहियों में किया गया। विधायक ने कहा कि सभी के सहयोग व एकजुटता से आखिरी छोर तक शासन की योजनाओं को पहुंचाना है। कलेक्टर दीपक सोनी ने नगरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि नदी पार की पंचायत के लोगों को पहले गीदम तक का सफर तय करना पड़ता था। अब यहां के 25219 जनसंख्या सीधे लाभान्वित होंगी। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर विधायक देवती कर्मा एवं छबिन्द्र कर्मा द्वारा बारसूर निवासी दीपेश पुजारी पिता चमन पुजारी को जति प्रमाण पत्र व निवास प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। ऐसे ही अनुपधर पिता पतिराम, अनिल पिता परदेशी, सरोज पति अंतु को किसान किताब वितरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *