मां गंगादेई कॉलेज भवन निर्माण अधर में
जगदलपुर. 2022-23 सत्र में नगर पंचायत बस्तर में स्थापित मां गंगादेई महाविद्यालय स्थापना के तीन साल बाद भी स्वयं के भवन की बाट जोह रहा है. बताया गया कि प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायत भोंड में 7.9 एकड़ जमीन भी भवन निर्माण हेतु आबंटित की गई थी, लेकिन उसमें कुछ भूमि संरक्षित वन क्षेत्र का होने से एनओसी नहीं मिली है और अब तक निर्माण कार्य अधर में है. ज्ञात हो भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में जिले के बकावंड, बस्तर व तोकापाल में नए डिग्री कॉलेज की स्थापना की गई थी.
बस्तर में अब तक कॉलेज वैकल्पिक भवन में ही संचालित हो रहा है. वर्तमान में कॉलेज का संचालन पुराने अस्पताल भवन में किया जा रहा है. पिछले शैक्षणिक क्षेत्र में 163 विद्यार्थी अध्ययनरत थे. इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया जारी है. 14 अगस्त अंतिम तिथि निर्धारित की गई है. प्राचार्य के अनुसार संस्थान में बीए, बीकॉम और बीएससी के पाठ्यक्रम संचालित है. ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे बीकॉम व गणित व वाणिज्य में रुझान कम रखते हैं. बीते शिक्षण सत्र में 163 विद्यार्थी अध्यनरत थे. वर्ष 2024 में कॉलेज भवन हेतु प्रशासन की ओर से भवन निर्माण हेतु राशि आबंटित की गई. साथ ही ग्राम पंचायत भोंड में भूमि का चयन किया गया. निर्माण के पहले वहां बोर खनन भी किया गया था. बताया जा रहा है कि चयनित भूमि का बड़ा हिस्सा संरक्षित वन भूमि क्षेत्र होने से एनओसी मिलने में अड़चन आ रही है. जिसके चलते निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है. वही कॉलेज भवन हेतु अन्य स्थान पर पर्याप्त भूमि का चयन नहीं किया जा सका है. वैकल्पिक भवन पुराने अस्पताल परिसर में अध्ययन अध्यापन में अड़चन आ रही है.
