महारानी अस्पताल से डिमरापाल तक सिटी बस चलाने की मांगपूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप ने कलेक्टर से की चर्चा, मरीजों की भाषा की समस्या भी उठाई
जगदलपुर। महारानी अस्पताल से डिमरापाल मेडिकल कॉलेज एवं कॉन्टिनेंटल हॉस्पिटल आने-जाने में मरीजों और उनके परिजनों को हो रही परेशानी को लेकर पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप ने मंगलवार को कलेक्टर से मुलाकात कर दो प्रमुख मांगें रखीं।
डॉ. कश्यप ने बताया कि महारानी अस्पताल में भर्ती कई मरीजों को जांच या रेफर के बाद डिमरापाल स्थित मेडिकल कॉलेज जाना पड़ता है। लेकिन सार्वजनिक वाहन सुविधा के अभाव में दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महारानी अस्पताल से डिमरापाल तक नियमित सिटी बस सेवा शुरू की जाए।
बैठक में उन्होंने बस्तर संभाग के बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों से आने वाले मरीजों की भाषा संबंधी समस्या भी उठाई। डॉ. कश्यप ने कहा कि इन जिलों से आने वाले कई आदिवासी मरीज हिंदी नहीं समझते और हल्बी या गोंडी भाषा में बात करते हैं। इससे डॉक्टर-मरीज के बीच संवाद में बाधा आती है और सही इलाज में देरी होती है।
इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने अस्पताल में स्थानीय भाषा का ज्ञान रखने वाले एक व्यक्ति की नियुक्ति की मांग की, जो मरीजों की समस्या सुनकर उसे डॉक्टर तक पहुंचा सके।
पूर्व विधायक ने कहा, यदि बस सेवा और भाषा सहायक की व्यवस्था हो जाती है तो ग्रामीण मरीज अपनी बीमारी समय पर बता सकेंगे और उन्हें बेहतर इलाज मिल सकेगा।
