बीईओ ने किया पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल का औचक निरीक्षण, एनएमएमएस व नवोदय तैयारी पर दिया जोर
बस्तर। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से बस्तर विकासखंड की खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) भारती देवांगन ने गुरुवार को पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बस्तर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया, उनकी शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया तथा शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीईओ ने विभिन्न कक्षाओं में विद्यार्थियों की कॉपियां जांचीं और उनसे विषयवार प्रश्न पूछे। छोटे बच्चों से आत्मीय बातचीत करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन और खेल-खेल में सीखने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कविताएं सुनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि जिले ने इस वर्ष आठवीं, दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हासिल किए हैं। आगामी सत्र में भी उत्कृष्ट परिणाम के लिए अभी से सुनियोजित तैयारी शुरू की जाए। शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि कक्षा पांचवीं और आठवीं के विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की विशेष तैयारी कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों का चयन हो सके।
मिड डे मील की गुणवत्ता भी परखी
बीईओ ने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने रसोइयों को लकड़ी के स्थान पर गैस सिलेंडर का उपयोग करने, पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा रसोई परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
एनएमएमएस छात्रवृत्ति योजना की दी जानकारी
निरीक्षण के दौरान बीईओ ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएस) की जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक छात्रवृत्ति प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि यह परीक्षा विद्यार्थियों की मानसिक क्षमता और शैक्षणिक योग्यता का आकलन करने के साथ उनमें प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करती है।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि विद्यालय में प्रतिदिन एनएमएमएस परीक्षा से संबंधित प्रश्नों का अभ्यास कराया जाए और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष किरण सेठिया, उपाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी तथा प्रभारी प्राचार्य कुलेश्वर यादव सहित विद्यालय के स्टाफ उपस्थित रहे।
