कबीरधाम को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग: कवर्धा विकासखंड के खपरी के स्कूली बच्चों ने प्रधानमंत्री को लिखा भावुक पत्र

कवर्धा,,, कबीरधाम जिले के कवर्धा विकासखंड अंतर्गत ग्राम खपरी स्थित वाणी विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हस्तलिखित पत्र भेजकर जिले को रेल नेटवर्क से जोड़ने की मांग की है। बच्चों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों की सुविधा और जिले के समग्र विकास का हवाला देते हुए जल्द से जल्द कबीरधाम में रेल परियोजना शुरू कराने की अपील की है।

23 जुलाई 2026 को लिखे गए इस पत्र में विद्यार्थियों ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी कबीरधाम जिला रेल सुविधा से वंचित है। उन्होंने लिखा कि उच्च शिक्षा के लिए उन्हें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और भिलाई जैसे शहरों तक सड़क मार्ग से 4-5 घंटे की यात्रा करनी पड़ती है, जबकि रेल सुविधा होने पर यह सफर काफी आसान और कम समय में पूरा हो सकता है।

पत्र में बच्चों ने यह भी उल्लेख किया कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचना कठिन होता है। वहीं जिले के अधिकांश किसान धान, चना, गेहूं, गन्ना और सब्जियों की खेती करते हैं, लेकिन रेल सुविधा नहीं होने से उन्हें अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में परेशानी होती है।

विद्यार्थियों ने पत्र में अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लिखा कि वे भी ट्रेन में बैठकर रायपुर, डोंगरगढ़, रतनपुर सहित अन्य धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा करना चाहते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से जल्द से जल्द कबीरधाम को रेल मार्ग से जोड़ने की मांग करते हुए भरोसा दिलाया कि रेल सुविधा मिलने पर वे और अधिक मन लगाकर पढ़ाई करेंगे और देश के विकास में योगदान देंगे।

इस हस्तलिखित पत्र पर कवर्धा विकासखंड के ग्राम खपरी स्थित वाणी विद्या मंदिर के अनेक छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षर कर अपनी सामूहिक मांग प्रधानमंत्री तक पहुंचाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *