वृक्षारोपण से हुआ शाला प्रवेश उत्सव का आगाज, सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत 100 छात्राओं को मिली साइकिल
जगदलपुर। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को यादगार बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और उत्सवी माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण, छात्र-छात्राओं के प्रोत्साहन और जनसहभागिता का अनूठा संगम इस आयोजन में देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगदलपुर विधायक एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, बस्तर सांसद महेश कश्यप तथा चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने सबसे पहले धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद अतिथियों ने मां सरस्वती के तैल चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया और विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं के तहत विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश, पाठ्यपुस्तकें एवं कॉपियों का वितरण किया गया। वहीं सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली 100 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। साइकिल मिलने पर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। इसके अलावा शिक्षा, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि किरण देव ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है, ताकि कोई भी विद्यार्थी संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल वितरण योजना जैसी योजनाएं विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यालयों में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में नैतिक संस्कार, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने तथा अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने का आग्रह किया।
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब अंतिम छोर तक पहुंच रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार हो रहा है और बस्तर के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने कहा कि शिक्षा ही विकसित बस्तर की मजबूत नींव है और आज के विद्यार्थी ही भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, महापौर संजय पांडे, जनपद पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सबसे भावनात्मक क्षण तब आया, जब समापन के बाद आयोजित न्यौता भोज में किरण देव, महेश कश्यप, विनायक गोयल तथा अन्य जनप्रतिनिधि बच्चों के साथ पंक्ति में बैठकर भोजन करने पहुंचे। जनप्रतिनिधियों का विद्यार्थियों के साथ आत्मीयता से भोजन करना उपस्थित लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। अभिभावकों और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के प्रति अपनत्व और संवेदनशीलता का प्रतीक बताया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए जिले में शिक्षा के क्षेत्र में संचालित योजनाओं, विद्यालयों की उपलब्धियों तथा आगामी शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना की जानकारी दी। पूरे कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के प्रति उत्साह, छात्र-छात्राओं का जोश और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी ने शाला प्रवेश उत्सव को यादगार बना दिया।
