गौ माता को राष्ट्रमाता बनाने की मांग हुई

जगदलपुर. नगर में गौ सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण के तहत बड़ी संख्या में सनातन समाज से जुड़े लोगों ने नगर में रैली निकाली. वहीं
कलेक्टर परिसर में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम जिले के सवा लाख लोगों का हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा. अभियान का मुख्य उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देते हुए देशभर में गौ हत्या पर प्रभावी रोक लगाना है.
जिला प्रभारी दीपक पनपालिया ने बताया कि यह देशव्यापी शांतिपूर्ण और गैर-राजनीतिक अभियान है, जो एक साथ देश के सैकड़ों जिलों में चलाया जा रहा है. बस्तर जिले से भी एक लाख पच्चीस हजार से अधिक लोगों के हस्ताक्षर अभियान के समर्थन में जुटाए गए हैं. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने देशभर में गौ हत्या पर समान और प्रभावी कानून लागू करने की मांग की. उन्होंने बताया कि अभियान का अगला चरण अक्टूबर में आयोजित किया जाएगा.
महापौर संजय पांडे ने कहा कि गौ सेवा और गौ संरक्षण भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न हिस्सा है. उन्होंने बताया कि जगदलपुर में रैली, मंत्रोच्चार और जनजागरण कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अभियान से जोड़ा गया. उनका कहना था कि गौ माता के संरक्षण, संवर्धन और राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने यह ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से शासन तक पहुंचाया गया है. वही शारदा पटेल ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने की अपील की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *