बीजापुर में भारी बारिश के चलते स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग, विधायक विक्रम मंडावी ने कलेक्टर को लिखा पत्र
बीजापुर – जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने कलेक्टर को पत्र लिखकर जिले के सभी शासकीय और अशासकीय शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित करने की मांग की है। विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि लगातार बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कई सड़कें और पुल-पुलिया जलमग्न होने से स्कूली छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में अवकाश घोषित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। विधायक विक्रम मांडवी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए विद्यार्थियों के हित में शीघ्र निर्णय लिया जाना आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
