भारी बारिश और बाढ़ के हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश
बीजापुर – जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने 31 जुलाई एवं 1 अगस्त 2026 को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पाण्डेय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि लगातार हो रही वर्षा के कारण विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिले के कई मार्ग, पुल-पुलिया और नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश कलेक्टर की स्वीकृति के बाद जारी किया गया है।इससे पहले बीजापुर विधायक विक्रम मांडवी ने लगातार हो रही बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन से छात्रों के हित में स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग की थी। विधायक ने कहा था कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और ऐसे हालात में स्कूल संचालन उचित नहीं होगा।विधायक की मांग और जिले की वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों में दो दिनों का अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है।
