62 वर्ष की सेवा पूर्ण कर प्रशिक्षण अधीक्षक गंगाराम ठाकुर सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई दी गई

बस्तर। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) बस्तर के प्रशिक्षण अधीक्षक श्री गंगाराम ठाकुर शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को 62 वर्ष की आयु पूर्ण कर अधिवर्षिता पर सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में संस्था परिवार द्वारा आईटीआई परिसर में भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्राचार्य डॉ. ए.के. माण्डले ने की। इस अवसर पर उन्होंने श्री ठाकुर की दीर्घ, अनुकरणीय एवं समर्पित सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में संस्था के विकास, विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल संवर्धन तथा प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके अनुभव, कार्यनिष्ठा और सरल व्यक्तित्व से संस्था परिवार सदैव प्रेरणा लेता रहेगा।

समारोह में प्रशिक्षण अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी श्री ठाकुर के साथ बिताए गए अनुभवों को साझा करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घ जीवन की कामना की। संस्था परिवार की ओर से उन्हें स्मृति-चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में श्री गंगाराम ठाकुर ने संस्था परिवार के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने पूरे सेवाकाल में सभी का सहयोग और स्नेह मिला, जिसे वे जीवनभर याद रखेंगे। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं भावुक वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *