स्कूलों और छात्रावासों के 70 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण
जगदलपुर। बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन एवं खंड चिकित्सा अधिकारी नानगुर के नेतृत्व में विकासखंड जगदलपुर के अंतिम छोर में बसे ग्राम नागलसर के विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूल तथा छात्रावास में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्रावास में निवासरत विद्यार्थियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की लंबाई, वजन, रक्तचाप, दृष्टि, दंत, नेत्र जांच एवं सामान्य शारीरिक स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच के बाद आवश्यकता अनुसार विद्यार्थियों को उपचार संबंधी परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आगे की जांच एवं उपचार हेतु परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, हाथ धोने की सही विधि, मौसमी बीमारियों से बचाव तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के संबंध में भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के डॉ. धनंजय देवांगन, सुपरवाइजर नरेश मरकाम, शिव भंडारी, नेत्र सहायक अधिकारी सुंदर मरकाम सीएचओ वैशाली नाग, सेरेना जैन, लक्ष्मी शांडिल्य, बिमला कश्यप, हर्षिता नेताम, गणेश नाग, हरिराम नाग, शत्रुघ्न साहू आदि कर्मचारी तथा आश्रम के अधीक्षक तुलाराम नाग एवं शिक्षक गण उपस्थित थे।
