मेधावी विद्यार्थियों को 10-10 हजार की प्रोत्साहन राशि देकर किया सम्मानित

बस्तर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट (हिंदी माध्यम) शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोतमा में आयोजित कार्यक्रम में सत्र 2025-26 के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। कक्षा 10वीं एवं 12वीं में विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ग्राम पंचायत रोतमा की सरपंच गेंदा बघेल एवं जनपद पंचायत सदस्य चईत राम कश्यप ने 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया।

कक्षा 10वीं में बबीता कश्यप ने 80.67 प्रतिशत, कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय में महिंद्रिका भवानी ने 73.80 प्रतिशत तथा कला संकाय में मंजु नाग ने 65.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत सदस्य चईत राम कश्यप ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा को सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य बच्चों को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को समय-समय पर प्रोत्साहन मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।

सरपंच गेंदा बघेल ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने भी इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित करने की पहल शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने में सहायक होगी।
प्रतिभा सम्मान की इस पहल से विद्यालय के विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *