करपावंड में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस



बकावंड। ग्राम पंचायत करपावंड में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। सुबह से ही पंचायत परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। तिरंगे के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों, शिक्षिकाओं और विभिन्न स्कूलों से पहुंचे सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह में ग्राम पंचायत करपावंड के सरपंच लखमु नेताम ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की स्वतंत्रता और संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान पूरा पंचायत परिसर देशभक्ति के नारों और बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों से गूंज उठा। इस अवसर पर उपसरपंच बंशीधर बघेल, पंच लोकेंद्र निषाद, मुरलीधर नेताम, सोमनाथ देवांगन, सोनाधर कश्यप, पुजारी नंदकिशोर बघेल, नवीना दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। महिला जनप्रतिनिधियों एवं समाज की सक्रिय महिलाओं की भी समारोह में उल्लेखनीय सहभागिता रही। इनमे निरवती कश्यप, हेमबती कश्यप, सानू बघेल, कुंती कश्यप, दयो देवांगन, अंजू कश्यप, पियासी भारती, मताय नाग एवं जेमावती कश्यप सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं। समारोह में करपावंड क्षेत्र के अलग-अलग स्कूलों से शिक्षक-शिक्षिकाएं भी पहुंचे। सैकड़ों बच्चों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी। बच्चों ने अनुशासन के साथ राष्ट्रध्वज को सलामी दी और स्वतंत्रता दिवस के महत्व को समझते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आजादी को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना जरूरी है।ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गांव के विकास, शिक्षा, स्वच्छता, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता के लिए सभी ग्रामीणों को मिलकर आगे बढ़ना होगा। बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर उन्हें देश और समाज के निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।समारोह के दौरान करपावंड में देशभक्ति, सामाजिक एकता और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और बच्चों की उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *