सेवानिवृत्त कर्मियों का सम्मान, कलेक्टर बोले – सेवा से रिटायर हुए हैं, अनुभव से नहीं

जगदलपुर। कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में आयोजित समारोह में 16 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्हें पेंशन भुगतान आदेश भी प्रदान किए गए।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी शासकीय सेवा से जरूर रिटायर हुए हैं, लेकिन उनका अनुभव आज भी समाज और प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों से युवा कर्मचारियों के साथ संपर्क बनाए रखने और अपने सेवाकाल के अनुभव साझा कर उनका मार्गदर्शन करने की अपील की।

कलेक्टर ने कहा कि अब वे परिवार के साथ समय बिताने के साथ पठन-पाठन, लेखन और संगीत जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर जीवन की दूसरी पारी को सार्थक बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि लंबे सेवाकाल के कारण सेवानिवृत्त कर्मियों को प्रशासनिक व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की अच्छी समझ होती है। वे आम लोगों को पेयजल, राशन, स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों, जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन की जानकारी देकर सहयोग कर सकते हैं।

जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना ने भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में कर्मचारियों के स्वत्व और पेंशन प्रकरणों के त्वरित निराकरण की प्रशासनिक पहल की सराहना की गई। सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने कहा कि सेवानिवृत्ति के दिन ही स्वत्वों और पेंशन संबंधी प्रक्रिया पूरी होना सुशासन का अनुकरणीय उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *