थाना पहुंचकर बच्चों ने समझी पुलिस की कार्यप्रणाली
बस्तर। पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझने और बच्चों के मन से पुलिस को लेकर बनी झिझक दूर करने के उद्देश्य से संस्कार द गुरुकुल स्कूल, चिरईपदर के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को थाना बस्तर का शैक्षणिक भ्रमण किया। थाना प्रभारी संतोष सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें थाना परिसर का भ्रमण कराया और पुलिस की जिम्मेदारियों एवं कार्रवाई की प्रक्रिया की जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने बच्चों को बताया कि पुलिस की जिम्मेदारी अपराधियों पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है। नागरिकों की सुरक्षा, शिकायतों का निराकरण, अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जरूरतमंदों की सहायता भी पुलिस के प्रमुख दायित्व हैं। विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब दिया।
साइबर ठगी से बचाव की दी सीख
साइबर जागृति अभियान के तहत विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी के तरीकों और बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस ने समझाया कि ठग फोन कॉल, मैसेज, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को झांसे में ले सकते हैं। बच्चों को ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी और निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने कहा कि साइबर ठगी की आशंका होने पर घबराने के बजाय तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दें।
थाना भ्रमण से विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला। साथ ही पुलिस और बच्चों के बीच संवाद एवं विश्वास मजबूत करने की दिशा में भी यह पहल उपयोगी रही।
इस अवसर पर संस्था के शिक्षक, एसआई अरुण कुमार सिन्हा सहित थाना बस्तर का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
