महादेव तालाब में गूंजी स्वच्छता की पुकार, प्रभारी मंत्री ने किया श्रमदान
बीजापुर _ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने बीजापुर के ऐतिहासिक महादेव तालाब में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों के साथ तालाब परिसर की सफाई में सहभागिता निभाई।अभियान के दौरान तालाब में फैली जलकुंभी और कचरे की सफाई की गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी से ही स्वच्छता को व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है।

कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नैमेड़ की स्वच्छाग्रही दीदियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। नगरपालिका की स्वच्छता दीदियों को स्वच्छता एवं पीपीई किट भी वितरित किए गए।अभियान में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पेरे पुलैय्या, नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी सहित जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई। कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे, डीएफओ डॉ. जाधव सागर सहित जिला प्रशासन, पुलिस, वन विभाग और नगरीय निकाय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों की सहभागिता ने अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप दिया। महादेव तालाब की सफाई के साथ ऐतिहासिक जलस्रोतों के संरक्षण और स्वच्छ भारत के निर्माण में नागरिकों की भूमिका का संदेश दिया गया।
