सेवा मेरा योगदान: प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने महादेव तालाब में श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
बीजापुर, 02 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने बीजापुर के ऐतिहासिक महादेव तालाब में स्वच्छता अभियान में सहभागिता कर श्रमदान किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों के साथ तालाब परिसर की सफाई कर स्वच्छ भारत के निर्माण में जनभागीदारी का संदेश दिया।

अभियान के दौरान महादेव तालाब में फैली जलकुंभी सहित अन्य कचरे की सफाई की गई। प्रभारी मंत्री श्री कश्यप ने स्वयं स्वच्छता अभियान में भाग लेकर लोगों को अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों, जलस्रोतों और परिवेश को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण
प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर परिवेश के निर्माण के लिए शासन-प्रशासन के प्रयासों के साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ किया गया छोटा-सा प्रयास भी स्वच्छता के अभियान को व्यापक जनआंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने महादेव तालाब जैसे ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण जलस्रोत की स्वच्छता और संरक्षण में नागरिकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए लोगों को नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छाग्रही दीदियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नैमेड़ की स्वच्छाग्रही दीदियों को प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने स्वच्छता के प्रति उनके समर्पण और निरंतर प्रयासों की सराहना करते हुए इसी उत्साह के साथ लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
इसके साथ ही नगरपालिका की स्वच्छता दीदियों को स्वच्छता किट एवं पीपीई किट प्रदान किए गए। प्रभारी मंत्री ने स्वच्छता कर्मियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें सुरक्षित तरीके से कार्य करते हुए शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में निरंतर सहभागिता निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।
जनप्रतिनिधियों से लेकर विद्यार्थियों तक ने निभाई सहभागिता
स्वच्छता अभियान में पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री पेरे पुलैय्या, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी सहित जिला एवं जनपद स्तर के जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, डीएफओ डॉ. जाधव सागर, उप निदेशक इन्द्रावती टाइगर रिजर्व श्री सुमेध संजय सुरवाड़े, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, वन विभाग एवं नगरीय निकाय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विभिन्न सामाजिक एवं अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना को साकार करते हुए स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
महादेव तालाब में आयोजित यह अभियान केवल सफाई गतिविधि तक सीमित नहीं रहा, बल्कि ऐतिहासिक जलस्रोतों के संरक्षण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और स्वच्छ भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक के योगदान का संदेश भी लेकर आया। उपस्थित जनसमुदाय ने स्वच्छता की शपथ के साथ अपने घर, मोहल्ले, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
