फरसीगांव के सरकारी स्कूलों में सब कुछ मिला चकाचक
बकावंड। प्रशासनिक अमले एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा फरसीगांव स्थित शासकीय प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक एवं हाई स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में एसडीएम नितीश वर्मा, तहसीलदार सुनील ध्रुव, विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सोनसिंह कश्यप तथा संकुल समन्वयक रामलाल एवं दिलीप बैस शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शालाओं की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, साफ-सफाई एवं विभिन्न अभिलेखों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण में विद्यालयों की व्यवस्थाएं संतोषजनक एवं व्यवस्थित पाई गईं।निरीक्षण के दौरान सभी शालाओं के प्राचार्य, प्रधान पाठक एवं शिक्षक विद्यालय में उपस्थित पाए गए। विद्यालयों में संधारित विभिन्न पंजियों एवं रजिस्टरों की जांच की गई। सभी अभिलेख अद्यतन एवं व्यवस्थित पाए गए। अधिकारियों ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से विषयवार प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों के सटीक एवं संतोषप्रद उत्तर दिए। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता की व्यवस्था उत्कृष्ट एवं संतोषजनक पाई गई।विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र निर्माण से संबंधित कार्यों की भी अधिकारियों द्वारा समीक्षा की गई तथा आवश्यक जानकारी ली गई।
बाउंड्री वॉल की मांग हाई स्कूल प्रबंधन द्वारा विद्यालय परिसर की सुरक्षा एवं बेहतर व्यवस्था के लिए बाउंड्रीवॉल निर्माण की मांग अधिकारियों के समक्ष रखी गई। निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने विद्यालय परिवार द्वारा शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के प्रयासों की सराहना की। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता को इसी प्रकार बनाए रखने तथा विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
