वन मंत्री केदार कश्यप द्वारा लगाए पौधे की पूजा-अर्चना कर बांधे रक्षासूत्र
जगदलपुर। जिला स्तरीय वन महोत्सव के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़े मोरठपाल परिसर में वन मंत्री केदार कश्यप द्वारा लगाए गए पौधे को पर्यावरण संरक्षण की भावना से विशेष रूप से संजोया जा रहा है। 27 अगस्त को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर विद्यालय परिसर में लगाए गए इस पौधे की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इस अवसर पर रंजीता बघेल ने श्रद्धा और आत्मीयता के साथ पौधे की पूजा एवं आरती कर प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण का सुंदर संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पेड़ों को रक्षासूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा, संवर्धन एवं संरक्षण का संकल्प लिया। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित यह पहल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ भावनात्मक रिश्ता जोड़ने का संदेश बनी। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाएगी और विद्यार्थियों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। वन महोत्सव में लगाए गए पौधे की पूजा से लेकर उसे रक्षासूत्र बांधने तक बड़े मोरठपाल विद्यालय ने यह संदेश दिया कि पेड़ हमारे जीवन के रक्षक हैं और उनकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है।
