बस्तर में 17 को दिखेगा दिवाली जैसा नजारा
जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बस्तर मंडल में दीपावली जैसा नजारा देखने को मिलेगा। भाजपा द्वारा मंडल के सभी बूथों में इस दिन शुभकामना दीपक जलाने का फैसला किया गया है।
भारतीय जनता पार्टी बस्तर मंडल द्वारा संगठन के सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित गतिविधियों को लेकर नगर पंचायत बस्तर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा, उनके नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सेवा और सुशासन के कार्यों को बूथ स्तर तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को बस्तर मंडल के प्रत्येक बूथ पर दीप प्रज्ज्वलन कर सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय सहभागिता के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं और उनके लाभ को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इन उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी, जिला पंचायत सदस्य शकुंतला कश्यप, पूर्व जिला उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, पूर्व मंडल अध्यक्ष उदबो राम नाग, पार्षदगण एवं मंडल के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर पर समन्वय और सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया।
