शहीद पार्क का होगा कायाकल्प, सुबह-शाम सैर करने वालों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं – संजय पाण्डेय

जगदलपुर। शहरवासियों के लिए सुबह-शाम सैर, व्यायाम और परिवार के साथ समय बिताने के प्रमुख स्थलों में शामिल शहीद पार्क अब नए स्वरूप में नजर आएगा। महापौर संजय पांडे ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ पार्क का निरीक्षण कर वर्तमान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पार्क को अधिक सुंदर, सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

डीलक्स पिंक टॉयलेट और पुरुषों के लिए अलग डिलक्स सुविधा

शहीद पार्क में महिलाओं के लिए डीलक्स स्तर का पिंक टॉयलेट और पुरुषों के लिए अलग टॉयलेट का निर्माण किया जाएगा। इससे सुबह-शाम पार्क में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और परिवारों को बेहतर सुविधा मिलेगी। जलापूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था को भी इसके अनुरूप विकसित किया जाएगा।

बाउंड्रीवॉल का बदलेगा स्वरूप

पार्क के सामने की मौजूदा बाउंड्रीवॉल को तोड़कर उसके स्थान पर नई और आकर्षक बाउंड्रीवॉल बनाई जाएगी। प्रवेश द्वार एवं सुरक्षा कक्ष को भी बेहतर स्वरूप देने के साथ लैंडस्केपिंग और उद्यानिकी के कार्य किए जाएंगे। शहीद पार्क को चारों तरफ से बाउंड्रीवाल से कवर किया जायेगा।

ऊंचा होगा पार्क का लेवल, जलभराव पर लगेगी रोक

बारिश के दौरान पार्क में होने वाले जलभराव को दूर करने के लिए पार्क के अंदर के क्षेत्र का लेवल ऊंचा किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाया जाएगा, ताकि बारिश का पानी पार्क में जमा न हो और उसकी निकासी व्यवस्थित तरीके से हो सके।

नालियां होंगी पूरी तरह कवर

पार्क के अंदर की नालियों को पूरी तरह सीमेंट स्लैब से कवर किया जाएगा। इससे न केवल जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि खुली नालियों से होने वाली दुर्घटना और असुविधा की संभावना भी कम होगी। पूरे कार्य की तकनीकी गुणवत्ता और व्यवस्थित क्रियान्वयन के लिए सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता राजेश गुरु पूर्णकालिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

वॉकिंग ट्रैक से जिम तक सुविधाओं का विस्तार

फुटपाथ, पेवर ब्लॉक, पुराने खेल एवं जिम उपकरणों की मरम्मत तथा नए खेल उपकरण लगाए जाएंगे। बैठने के लिए शेड और पैगोडा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साइन बोर्ड, जलापूर्ति, शौचालय, जल संरक्षण और टॉय ट्रेन की मरम्मत भी प्रस्तावित कार्यों में शामिल है।

महापौर बोले- हर उम्र के लोगों के लिए बनेगा स्वास्थ्यवर्धक पार्क

महापौर संजय पांडे ने कहा कि शहीद पार्क केवल मनोरंजन का स्थल नहीं, बल्कि शहरवासियों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थान है। सुबह-शाम बड़ी संख्या में बुजुर्ग यहां टहलने आते हैं, युवा व्यायाम एवं खेल गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं और महिलाएं व परिवार भी पार्क का उपयोग करते हैं। इसलिए विकास कार्यों में हर वर्ग की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के लिए सुरक्षित वॉकिंग स्पेस, युवाओं के लिए बेहतर जिम एवं खेल उपकरण और महिलाओं के लिए डीलक्स पिंक टॉयलेट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पार्क का लेवल ऊंचा करने, ड्रेनेज सिस्टम सुधारने और नालियों को सीमेंट स्लैब से कवर करने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि हमारा लक्ष्य शहीद पार्क को केवल सुंदर बनाना नहीं, बल्कि इसे स्वच्छ, सुरक्षित, सुविधाजनक और स्वास्थ्यवर्धक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है, जहां बुजुर्गों को सुबह-शाम सैर के लिए बेहतर वातावरण मिले, युवा फिटनेस कर सकें और परिवार सुकून से समय बिता सकें।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्राही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, कलावती कसेर, योगेंद्र पांडे, निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, राजेन्द्र पाण्डे,रमन्ना राव, नागेश्वर राव, राजेश गुरु, छब्बिलेश जोशी, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, उप अभियंता अमर सिंह, विमल गोयल, दीपांशु देवांगन सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं शहर के गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *