नगर पंचायत चुनावों को प्रभावित करने के लिए भाजपा के इशारे पर अधिकारी कांग्रेस नेताओं पर दबाव बना रहे हैं- विक्रम मंडावी
भोपालपटनम/ बीजापुर
दिनांक- 22-09-2026
भोपालपट्नम और भैरमगढ़ नगर पंचायतों में आगामी नगरीय निकाय चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी जिले के अधिकारियों के माध्यम से कांग्रेस नेताओं पर दबाव बनाने का काम कर रहे है। जमीनों से बेदखली के नाम पर नोटिस थमाकर प्रशासन को चुनावी हथियार बनाया जा रहा है। उक्त आरोप बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने मंगलवार को भोपालपाटनम में आयोजित प्रेस वार्ता में लगाया है।
विधायक विक्रम मंडावी ने प्रेस वार्ता में आगे कहा कि ये सब भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के इशारे पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं को नोटिस देकर डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है, ताकि नगर पंचायत चुनाव का माहौल प्रभावित हो और इसका फायदा भाजपा ले सके।

उन्होंने आगे कहा कि भोपालपट्टनम में जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष नीलम गनपत, आदेश्वर पब्लिक स्कूल के संचालक उमेश गुज्जा, भाजपा नेता गिरिजा शंकर तामड़ी, भाजपा नेता लंकल रामचंद्रम और भाजपा मंडल अध्यक्ष नरसिंह रेड्डी के खिलाफ कई एकडो भूमि आदिवासी और अनुसूचित क्षेत्रों में कब्जाने की शिकायत की गई है। लेकिन राजस्व विभाग और वन विभाग भाजपा नेताओं के मामले में चुप्पी साधे हुए हैं ऐसा क्यों ? उन शिकायतों पर अब तक क्या जांच हुई? क्या कोई कार्रवाई हुई? प्रशासन मौन क्यों है? ये ऐसे सवाल हैं जिनका कोई जवाब अब तक नहीं आया है।

इसी बीच दूसरी तस्वीर यह है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बसंतराव ताटी जिन्हें विधिवत रूप से 50 साल पहले शासन प्रशासन ने पट्टा दिया था। वर्तमान में यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है इस बात को सब जानते हैं। फिर भी उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा रहा है। जो अपने आप में चिंतनीय है। एक ओर बड़े कब्जे की शिकायत पर चुप्पी, दूसरी ओर न्यायालय में लंबित मामले में अचानक सक्रियता “यह संयोग नहीं, पक्षपात है।” इससे साफ़ जाहिर होता है कि भाजपा और भाजपा के संरक्षण में भाजपा को चुनावी लाभ पहुँचाने के लिए बीजापुर ज़िले के अधिकारी काम कर रहे हैं।


विक्रम मंडावी ने कहा कि सरकारें आती हैं, सरकारें जाती हैं। लेकिन प्रशासनिक अधिकारी को किसी दल विशेष के कार्यकर्ता रूप में कार्य नहीं करना चाहिए। उन्होंने प्रेस वार्ता में आगे कहा कि चुनाव के ठीक पहले कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाना न केवल अन्याय है, बल्कि नगरीय निकाय चुनाव को प्रभावित करने की एक सोची समझी साजिश है। विधायक विक्रम मंडावी ने आगे बीजापुर जिले की जनता भाजपा के कथनी और करनी को देख रही है कि विकास की बात करने वाले लोग दबाव की राजनीति कैसे चला रहे हैं।
प्रेस वार्ता में विधायक विक्रम मंडावी ने प्रशासन से 1- भोपालपट्टनम में भूमि कब्जे की पुरानी शिकायत पर तत्काल निष्पक्ष और समयबद्ध जांच हो। 2- न्यायालय में विचाराधीन मामलों में अनावश्यक नोटिस और दबाव की कार्यवाही तत्काल रोकी जाए। 3- नगरीय निकाय चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराए जाएं। 4- अधिकारियों को किसी भी राजनीतिक दल के इशारे पर काम करने से रोके जाने जैसे प्रमुख मांगे की है।
विधायक ने कहा कि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में भारतीय जनता पार्टी और प्रशासनिक दबाव के ख़िलाफ़, पाँचवी अनुसूचित क्षेत्र में बेतहाशा जमीन कब्जाने के ख़िलाफ़ उग्र आंदोलन करेगी। इसके साथ ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एसडीएम भोपालपटनम को एक ज्ञापन भी सौंपा है। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत राव ताटी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मिच्छा मुतैया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अलवा मदनैया, अफजल खान, चेताल समैया, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष कामेश्वर गौतम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक मड़े, महामंत्री के. जी. सत्यम, अरुण वासम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
