नीना रावतिया उद्दे का भाजपा और जिला पंचायत अध्यक्ष पर तीखा हमला

बीजापुर,
23 सितंबर 2026
जिला पंचायत सदस्य एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महामंत्री श्रीमती नीना रावतिया उद्दे ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भारतीय जनता पार्टी, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, उपाध्यक्ष पेरे पुल्लेया और आबकारी विभाग पर तीखा हमला बोला है।
नीना रावतिया उद्दे ने अपने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि देशभर में लोग सड़क, पानी, बिजली, स्कूल, अस्पताल और रोजगार की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। इसके विपरीत भाजपा और भाजपा की जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, उपाध्यक्ष पेरे पुल्लेया तथा आबकारी विभाग ग्राम पंचायत संगमपल्ली में शराब दुकान खोलने के लिए ग्रामीणों से संघर्ष कर रहे हैं। यह बड़ी विडंबना है।
उन्होंने कहा, “एक तरफ सरकार नशा मुक्त छत्तीसगढ़ का ढोल पीटती है, दूसरी तरफ गांव-गांव में शराब की दुकानें खोलकर गरीब आदिवासी और ग्रामीण परिवारों के घर उजाड़ने का काम कर रही है।”
नीना रावतिया उद्दे ने आरोप लगाया कि 20 सितंबर 2026 को जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा और उपाध्यक्ष पेरे पुल्लेया ने आबकारी अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की बैठक कर शराब दुकान खुलवाने का दबाव बनाया। बैठक में यह भी धमकी दी गई कि सरकार और पुलिस चाहे तो किसी की सहमति के बिना भी दबाव बनाकर शराब दुकान खोल सकती है और ग्रामीणों की सहमति या आपत्ति की कोई जरूरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष और आबकारी अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को डराना-धमकाना तथा दबाव बनाना लोकतंत्र के साथ मजाक है।
श्रीमती उद्दे ने भाजपा, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और आबकारी विभाग से सीधा सवाल किया कि संगमपल्ली में शराब दुकान खोलकर कौन-सा विकास होगा? इसे स्पष्ट किया जाए।
उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की कि ग्रामीणों की मंशा के अनुसार संगमपल्ली में शराब दुकान न खोली जाए। अन्यथा शराब दुकान खोले जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, उपाध्यक्ष पेरे पुल्लेया और आबकारी विभाग के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *