सेवा का संकल्प से ग्रामीणों को मिल रहा 125 दिन का रोजगार

कवर्धा,,,24 सिंतबर 2026। ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने, ग्रामीणों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनो का रोजगार देने और प्रति दिवस ₹300 का मजदूरी भुगतान प्रदान कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए ग्रामीणों की सेवा का संकल्प पूरा हो रहा है। कबीरधाम जिले के 427 ग्राम पंचायतो में विकसित भारत जी राम जी योजना अंतर्गत 1038 कार्यों में ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है। आज की स्थिति में 11591 ग्रामीणों को उनके गांव में रोजगार मिल रहा है। साथ ही जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन एवं समुदाय के लिए मांग आधारित परिसंपत्तियों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रो में स्थाई परिसंपत्तियों का भी निर्माण हो रहा है। रोजगार देने के मामले में कबीरधाम जिला प्रदेश में लगातार अग्रणी बना हुआ है और पूरे प्रदेश में तीसरे स्थान पर है।

इस संबंध में कलेक्टर कबीरधाम श्रीमती तुलिका प्रजापति ने बताया कि रोजगार के लिए गारंटी एवं आजीविका मिशन ग्रामीण अंतर्गत ग्रामीणों को समय पर रोजगार देने बड़ी मात्रा में कार्यो की स्वीकृति पूर्व से किया गया है। जल संरक्षण के कार्यों को विशेष रूप से प्राथमिकता देते हुए कन्टूर ट्रेंच, आजीविका डबरी,नए तालाबों का निर्माण, पुराने तालाबों का गहरीकरण सहित अनेक कार्य चल रहे हैं। साथ ही प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में बालिकाओं के लिए सर्व सुविधायुक्त बालिका शौचालय का निर्माण हो रहा है। मुक्तिधाम शेड निर्माण से भी ग्रामीणों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। विकसित भारत जी राम जी योजना अंतर्गत प्रत्येक दिवस का कार्य पूरा करने पर ग्रामीणों को ₹300 का मजदूरी भुगतान प्रतिदिन प्राप्त हो रहा है। यह राशि ग्रामीणों के लिए आर्थिक संबल का स्रोत है जो सेवा के संकल्प को सिद्ध करता है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम अभिषेक अग्रवाल ने चर्चा करते हुए बताया कि ग्रामीण आजीविका और रोजगार, ग्रामीण क्षेत्रो की मूलभूत आवश्यकता है जो सेवा के संकल्प से पूरा हो रहा है।वित्तीय वर्ष में ग्रामीण परिवारो को 125 दिन का रोजगार मिलने पर ₹ 37500 मजदूरी भुगतान प्राप्त होगा।योजना से मिली इस राशि के साथ आजीविका संवर्धन के तहत निर्मित आजीविका डबरी, निजी डबरी, पशु शेड निर्माण, कूप निर्माण जैसे कार्यों से रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं और ग्रामीणों को अतिरिक्त आय का जरिया मिला है। ऐसे कार्यों से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होने के साथ मछली पालन और पशुपालन से हितग्राही लाखों रुपए का अतिरिक्त आमदनी कम रहे हैं। ग्रामीणों की मांग पर रोजगार प्रारंभ किया जा रहा है और यही कारण है कि सितंबर माह के मध्य में भी जिले के 427 ग्राम पंचायतो में निर्माण कार्य चल रहे हैं। जिसमें 11500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को रोजगार मिल रहा है। निर्माण कार्यो में तेजी लाने मैदानी कर्मचारी लगातार फील्ड का भ्रमण कर रहे हैं और कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *