बस्तर में तीन दिन से मूसलाधार बारिश; बस्तर से ओड़िशा का संपर्क टूटा, सैकड़ों वाहन फंसे



-अर्जुन झा-
जगदलपुर। बस्तर संभाग में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह ठप कर दिया है। बारिश से सबसे ज्यादा असर सड़क यातायात पर पड़ा है। जगदलपुर से ओड़िशा के उमरकोट को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग और भारतमाला प्रोजेक्ट का प्रमुख मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे बस्तर का ओडिशा से संपर्क टूट गया है। उधर नेशनल हाईवे- 63 के बीजापुर घाट पर विशाल पेड़ गिर गया है, जिसके चलते तेलंगाना और महाराष्ट्र से सड़क संपर्क ठप हो गया है। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
ओडिशा और आंध्रप्रदेश के समुद्री तटों पर आए चक्रवाती तूफान का व्यापक असर बस्तर संभाग में भी देखने को मिल रहा है। पूरे संभाग में तीन दिन से झमाझम बरसात हो रही है और बेहद तेज हवाएं चल रही हैं। सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। बस्तर जिले में भी बारिश जमकर कहर बरपा रही है। बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों के सारे नदी नाले उफान पर आ गए हैं। बाढ़ के कारण कई रास्ते बंद हो चुके हैं।मिली जानकारी के अनुसार बस्तर जिले में बकावंड क्षेत्र में धनपुर डैम के पास और बगिया नाला के पास पुलिया के ऊपर से करीब से 4 फीट पानी त बह रहा है। पुलिया पूरी तरह जलमग्न हो गया है। पानी का बहाव इतना तेज है कि बड़े वाहन भी पार नहीं हो पा रहे हैं। यही सड़क जगदलपुर से बकावंड, धनपुर होते हुए ओड़िशा के उमरकोट को जोड़ती है और आगे जाकर नेशनल हाईवे और भारतमाला कॉरिडोर से कनेक्ट होती है। बाढ़ के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। ट्रक, बस, छोटे वाहन, बाइक सवार सभी फंसे हुए हैं। कई यात्री रात से सड़क पर ही फंसे हैं। उन्हें खाने-पीने की भी परेशानी हो रही है।

कई गांवों का संपर्क टूटा
लगातार बारिश से क्षेत्र के सभी नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। बकावंड ब्लॉक की कई आंतरिक सड़कों पर भी पानी भर गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। कई गांव टापू बन गए हैं। खेतों में पानी भरने से किसानों की फसल को भी नुकसान होने की आशंका है। करपांवड पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जब तक पानी का स्तर कम नहीं होता, तब तक इस मार्ग पर यात्रा न करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास न जाने की भी अपील की है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर साल बारिश में इसी जगह पर पानी भर जाता है, लेकिन इस बार 3 दिन की लगातार बारिश के कारण स्थिति ज्यादा खराब हो गई है। लोगों ने मांग की है कि धनपुर और बगिया के पास के पुलिया को ऊंचा बनाया जाए, ताकि हर साल की इस समस्या से निजात मिल सके।



बीजापुर घाट पर गिरा पेड़
उधर बीजापुर जिले में महादेव घाटी के आगे सागौन पेड़ गिरने से नेशनल हाईवे-63 पर आवागमन ठप हो गया है। तेलंगाना, महाराष्ट्र राज्य व भोपालपटनम क्षेत्र के लोग फंसे हुए हैं। नेशनल हाइवे 63 में एक सागौन का पेड़ गिरने से सड़क जाम हुआ है। दोनों ओर बड़े वाहनों और बसों की कतार लग गई है। शुक्रवार 11 बजे से यात्रियों को बड़ी परेशानी हो रही है। पुलिस व जिला प्रशासन के अमला सड़क बहाल के प्रयास में लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *