बीजापुर में तूफान का असर मूसलाधार बारिश से नदी-नाले उफान पर, बंगपाल नदी के पुल पर पानी आने से NH-63 पर आवागमन बंद

बीजापुर – बस्तर संभाग में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बीजापुर जिले में भी पिछले दो दिनों से लगातार बारिश के चलते इंद्रावती नदी समेत कई छोटी-बड़ी नदियां और नाले उफान पर हैं। बारिश की स्थिति को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।वहीं बीजापुर से जगदलपुर को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 63 पर बंगपाल नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। इससे मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।लगातार बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने आम नागरिकों से नदी-नालों और तेज बहाव वाले पानी से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अति आवश्यक होने पर ही लोग घर से बाहर निकलें और उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें। आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार हैं।इधर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बस्तर संभाग के सभी कलेक्टरों से चर्चा कर बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बीजापुर कलेक्टर से भी जिले में बने हालात और प्रशासन की तैयारियों का जायजा लिया।जिला प्रशासन द्वारा लगातार नदी-नालों के जलस्तर और निचले इलाकों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *