सेवा संकल्प अभियान में दिखी मानवता की मिसाल, कलेक्टर विश्वदीप ने किया रक्तदान

बीजापुर – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जिला चिकित्सालय बीजापुर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ कलेक्टर विश्वदीप ने स्वयं रक्तदान कर किया। उन्होंने रक्तदान के माध्यम से आम नागरिकों को भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। शिविर में जिला प्रशासन के अधिकारी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। इस दौरान कुल 21 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्तदाताओं ने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनरक्षक रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।


कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि रक्तदान सामाजिक जिम्मेदारी के साथ-साथ जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वस्थ एवं पात्र लोगों को आगे आकर नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। रक्तदान शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार रक्त संग्रहण किया। अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता से शिविर में सकारात्मक वातावरण बना और अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरणा मिली।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *