दीपक बैज ने पेश की स्वच्छ राजनीति की मिसाल



जगदलपुर। राजनीति अपनी जगह और इंसानियत अपनी जगह। सियासत में विचारधाराएं भले ही मेल नहीं खातीं, मगर भावनाओं का अपना अलग स्थान है। राजनीति संबंध खराब करती है और भावनाएं संबंधों को मजबूत बनाती हैं। आज ऐसा ही पुरसुकून नजारा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव के निवास में तब देखने को मिला, जब उनसे मिलने और उनका कुशलक्षेम जानने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पहुंचे। छत्तीसगढ़ की राजनीति के दोनों शीर्ष नेताओं की आत्मीय मुलाकात से वातावरण सौहाद्रपूर्ण नजर आया।
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज को लेकर सभी जानते हैं कि वे उच्च शिक्षित आदिवासी युवा नेता हैं। श्री बैज अपने धुर राजनीतिक विरोधियों का भी हमेशा सम्मान करते हैं। उनका व्यवहार विरोधी नेताओं का भी दिल जीत लेता है। बस्तर संभाग से जुड़े दो प्रमुख दल भाजपा और कांग्रेस के अध्यक्षों की इस मुलाकात से ऐसे लोगों को नसीहत मिलेगी, जो राजनीति के खेल में अंधे होकर मर्यादा की सारी हदें पार कर जाते हैं, खासकर उन अंधभक्तों और चमचों को जो मर्यादा की सीमा रेखा लांघ कर अक्सर एक दूसरे पर कीचड़ उछालते नजर आते हैं। दीपक बैज ने पहुंचते ही दुआ सलाम के बाद किरण सिंह देव के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द पूर्णतः स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी संगठन महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, सत्तार अली एवं महामंत्री सकलेन कामदार भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *