तिमेड़ में बन रहे क्लब को लेकर सियासी घमासान
जगदलपुर। नक्सलवाद के खात्मे के बाद शांति और विकास की राह पर अग्रसर बस्तर संभाग के भोपालपटनम क्षेत्र के सीमावर्ती गांव तिमेड़ में निजी जमीन पर निर्माणाधीन क्लब को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है।
क्लब के कथित मिनी कैसिनो और जुआ घर होने की आशंकाओं के बीच कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी और भाजपा नेता श्रीनिवास मुदलियार ने प्रतिक्रियाएं दी हैं। वहीं अब जमीन की लीज, निर्माण की अनुमति, निवेशकों और प्रस्तावित क्लब के वास्तविक उद्देश्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि तेलंगाना और आंध्रप्रदेश के कुछ रसूखदार लोगों ने इस जमीन को लीज पर लिया है। सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि इस मामले में तिमेड़ क्षेत्र के एक भाजपा नेता की भूमिका है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही किसी अनुबंध या दस्तावेज के आधार पर किसी की भूमिका स्पष्ट हुई है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाना जरूरी है। विधायक विक्रम मंडावी पहले इस कथित जुआ क्लब के निर्माण पर रोक लगाने की मांग कर चुके हैं। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार ने भी इस निर्माण पर आपत्ति जताई है।
पंचायत की अनुमति पर निगाहें
इस मामले में सबसे अहम सवाल जमीन के स्वामित्व और लीज अनुबंध को लेकर है। यदि जमीन निजी है, तो जमीन मालिक और लीज लेने वालों के बीच हुए अनुबंध की शर्तों से यह स्पष्ट हो सकता है कि जमीन किस उद्देश्य से दी गई है। साथ ही निर्माण की प्रकृति और संबंधित विभागों से प्राप्त अनुमतियों की जांच भी जरूरी है। पंचायत स्तर पर लागू नियमों के अनुसार आवश्यक अनुमति या अनापत्ति ली गई है या नहीं, इसकी भी पड़ताल होनी चाहिए।
फिलहाल कथित कैसीनो या जुआ घर के संचालन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए केवल चर्चाओं के आधार पर किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल की भूमिका तय करना उचित नहीं होगा। अब सवाल यह है कि प्रशासन निर्माणाधीन भवन और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच कब करेगा तथा प्रस्तावित क्लब के वास्तविक उद्देश्य पर स्थिति कब स्पष्ट करेगा। निष्पक्ष जांच से ही आरोपों, आशंकाओं और चर्चाओं की सच्चाई सामने आ सकेगी।
