गौ सम्मान आह्वान अभियान की संभाग स्तरीय बैठक



जगदलपुर। गौसेवा, गौ रक्षा एवं गौ संवर्धन के संकल्प को सशक्त बनाने के उद्देश्य से गौ सम्मान आह्वान अभियान के तृतीय चरण की तैयारी के लिए बस्तर संभाग स्तरीय बैठक का आयोजन जगदलपुर के कुम्हारपारा स्थित श्री माहेश्वरी भवन में किया गया। गोपालनंद सरस्वती जी के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में बस्तर संभाग के सातों जिलों से 300 से अधिक गौसेवक एवं अभियान के कार्यकर्ता उपस्थित हुए।
बैठक में गौमाता की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ मंत्रालय का गठन करने तथा गौमाता को राष्ट्रमाता का संवैधानिक दर्जा दिलाने की मांगों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, अभियान के आगामी चरण की रूपरेखा तैयार करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने और हस्ताक्षर अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने पर चर्चा की गई।बैठक में जानकारी दी गई कि गौ सम्मान आह्वान अभियान के प्रथम चरण में 27 अप्रैल को पूरे भारतवर्ष से लगभग 5.25 करोड़ हस्ताक्षर सौंपे गए। इसके पश्चात दूसरे चरण में देशभर से 15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षर सौंपे जाने की जानकारी दी गई। अब अभियान के तृतीय चरण के अंतर्गत पूरे भारतवर्ष से लगभग 31 करोड़ हस्ताक्षर एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। इन हस्ताक्षरों के माध्यम से गौमाता की सुरक्षा, सम्मान एवं संवर्धन से संबंधित मांगों को व्यापक जनसमर्थन के साथ शासन-प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

हर पंचायत में 2,100 हस्ताक्षर का लक्ष्य
अभियान के तृतीय चरण के अंतर्गत देशभर की प्रत्येक ग्राम पंचायत से कम से कम 2,100 हस्ताक्षर एकत्रित करने का आह्वान किया गया है। इसके लिए गांव-गांव में जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियान चलाकर अधिक से अधिक नागरिकों को गौमाता की सुरक्षा एवं सम्मान के इस अभियान से जोड़ने की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

रायपुर में बड़ा आयोजन
आगामी 17 दिसंबर को रायपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक गौसेवकों एवं कार्यकर्ताओं को पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। अभियान के अंतर्गत एकत्रित हस्ताक्षरों एवं मांगपत्र को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार राज्य सचिवालय के माध्यम से देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों, राज्यपालों के समक्ष प्रस्तुत करने की योजना है। बैठक में उपस्थित साधु-संतों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं गौसेवकों ने गौमाता की सेवा, सुरक्षा और संवर्धन के लिए समाज में जनजागरण बढ़ाने तथा प्रत्येक गांव, पंचायत और समाज तक अभियान का संदेश पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर बस्तर संभाग के साधु-संतों के साथ जिला प्रभारी मुन्ना बजरंगी, शैलेंद्र साहू एवं दीपक पनपालिया सहित विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन तथा संभाग के सातों जिलों से आए गौसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *