सीसी सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल, मापदंडों की अनदेखी
जगदलपुर। बस्तर जिले की ग्राम पंचायत कुंगारपाल में इन दिनों प्रधानमंत्री योजना के तहत साइड पटरी सीसी सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे हैं।आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण के दौरान उचित गहरीकरण नहीं किया जा रहा है। वहीं 2 इंच से 40 एमएम गिट्टी डालने के बाद बिना उचित ड्रेसिंग किए झिल्ली बिछाई जा रही है। इसके अलावा निर्माण कार्य में वाइब्रेटर मशीन का उपयोग नहीं किए जाने और सही तरीके से पाटा नहीं चलाए जाने की बात भी सामने आ रही है।
ऐसे में सड़क की मजबूती और गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब निर्माण कार्य में ही लापरवाही बरती जा रही है, तो सड़क कितने दिनों तक टिक पाएगी?
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग के अधिकारी निर्माण कार्य का निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच करते हैं या नहीं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराते हुए निर्धारित मापदंडों के अनुसार कार्य कराने की मांग की है।
