शराब लॉबी, अफसर और बैगपाइपर



–अर्जुन झा-
जगदलपुर। ‘हम तुम और बैगपाइपर’ इस विज्ञापन के दम पर यह व्हिस्की मदिराप्रेमियों के बीच काफी लोकप्रिय हुई थी। बहुत सालों तक यह ब्रांड छत्तीसगढ़ से गायब रही, लेकिन भाजपा सरकार आते ही यह ब्रांड अब लोगों के हलक में फिर से उतरने लगी है। जैसे ही यह ब्रांड फिर से लोकप्रिय हुई कि सरकारी दुकानों में इसकी कीमत बेतहाशा बढ़ा दी गई। दरअसल बस्तर जिले में हम, तुम और बैगपाइपर वाले विज्ञापन का ने थोड़ा रास्ता बदल लिया है। अब अफसर (हम) शराब लॉबी (तुम) और बैगपाइपर का सीक्रेट खेल चल रहा है। बिना प्रिंट रेट यह शराब अब सरकारी दुकानों में मनमानी कीमत पर बेची जा रही है और लोग मनमाने मूल्य पर इसे लेने मजबूर हैं। बात जो हम
(अफसर) और तुम (शराब लॉबी) के चक्रव्यूह में फंस चुके हैं। शराब लॉबी अपना प्रोडक्ट खपाने के लिए अफसर को मोटा माल दे रहे हैं। हम और तुम की कमाई जमकर हो रही है और बैगपाइपर के शौकीन खुलेआम लूटे जा रहे हैं।
अब बस्तर के शराब शौकीन ‘हम तुम और बैगपाइपर’ को मनमानी कीमत के कारण अपने बीच कड़ी नहीं बना पा रहे हैं। आबकारी विभाग से जुड़े कुछ लोगों का कहना है कि एक शराब लॉबी के इशारे पर जिला आबकारी अधिकारी खुलकर खेल कर रहे हैं। शराब लॉबी और अधिकारी चाहते हैं कि कोचियाओं के माध्यम से लोगों तक मनमानी कीमत पर इस ब्रांड की शराब पहुंचाई जाती रहे और दोनों को मोटा मुनाफा होता रहे। इस ब्रांड की शराब बेहद लोकप्रिय है और इसके शौकीन लोगों की तादाद बेतहाशा है, मगर ऊंची कीमत ने शराब प्रेमियों को रुलाना शुरू कर दिया है। पिछली सरकार के शराब घोटाले की तेज आंच अब भी कई नेताओं और अफसरों को झुलसा रही है। दर्जनों लोग ईडी, सीबीआई के शिकंजे में। कुछ जेल में हैं, तो कुछ जमानत पर। इसके बाद भी आबकारी विभाग के अधिकारी कोई सबक नहीं ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *