आभास राज को मिला छग का सर्वश्रेष्ठ स्पोर्ट्स एवं फिटनेस क्रिएटर अवॉर्ड



अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के युवा स्पोर्ट्स कंटेंट क्रिएटर एवं क्रिकेट पत्रकार आभास राज को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में बेस्ट स्पोर्ट्स एंड फिटनेस क्रिएटर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।रायपुर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।
छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में डिजीटल कंटेंट क्रिएशन के जरिए अपनी पहचान बनाने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया। खेल एवं फिटनेस श्रेणी में आभास राज को यह सम्मान उनके डिजीटल कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए मिला।आभास राज लंबे समय से क्रिकेट और खेल जगत से जुड़े हुए हैं। वे छत्तीसगढ़ में क्रिकेट की गतिविधियों, राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट, स्थानीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन और प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को डिजीटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पहचान दिलाने का काम कर रहे हैं। इसके साथ ही वे भारतीय क्रिकेट टीम से जुड़ी खबरों, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों, खिलाड़ियों के प्रदर्शन और क्रिकेट जगत की प्रमुख गतिविधियों को भी नियमित रूप से कवर करते हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से खेल प्रेमियों तक क्रिकेट से जुड़ी खबरें, अपडेट, वीडियो और विशेष कंटेंट पहुंचाने के साथ-साथ उनका प्रयास छत्तीसगढ़ के क्रिकेट और खेल जगत को व्यापक पहचान दिलाना भी है। इस उपलब्धि पर आभास राज ने छत्तीसगढ़ शासन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और इस आयोजन से जुड़े सभी आयोजकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित करने की यह पहल बेहद सराहनीय है। इस तरह के आयोजन प्रदेश के युवाओं, डिजीटल क्रिएटर्स और विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे प्रतिभाशाली लोगों को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें एक बड़ा मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने इस आयोजन की शुरुआत करने और क्रिएटर कम्युनिटी को इतना बड़ा मंच देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार एवं मुख्यमंत्री का विशेष धन्यवाद किया। साथ ही कहा कि यह सम्मान उन्हें छत्तीसगढ़ के खेल जगत और यहां की प्रतिभाओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *