महतारी वंदन की राशि वसूली, विधायक संगीता सिन्हा ने खोला मोर्चा
बालोद। महतारी वंदन योजना के तहत 14 महीने तक राशि प्राप्त करने वाली महिला हितग्राहियों से अब 14 हजार रुपये की वसूली की जाने के नोटिस ने जिले में हलचल मचा दी है। विभागीय कार्रवाई से परेशान हितग्राहियों ने संजारी बालोद विधायक एवं महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा के सामने अपनी पीड़ा रखी।
एक पीड़ित महिला ने अपनी आर्थिक स्थिति और परिवार की परेशानी बताते हुए सवाल किया कि जब घर में इलाज और रोजमर्रा के खर्च चलाना मुश्किल है, तो 14 हजार रुपये वापस कहां से लाएं? मिली जानकारी के अनुसार, परियोजना अधिकारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय बालोद की ओर से 21 अक्टूबर 2026 को महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से योजना की राशि वसूली के संबंध में पत्र जारी किया गया है। पत्र में शासन से प्राप्त निर्देशों का हवाला देते हुए शासकीय सेवक के परिवार की महिला सदस्य को अपात्र तथा मृत हितग्राही के खाते में राशि आवंटित होने के मामलों का उल्लेख किया गया है। इसमें ‘होल्ड’ श्रेणी में शामिल हितग्राहियों से 14 हजार रुपये की राशि वापस जमा कराने और कार्यालय को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।वसूली वाली सूची में ग्राम पंचायत भिड़िया नवागांव के ग्राम लिमोरा की राजेश्वरी भरोसा का नाम भी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। विधायक संगीता सिन्हा के सामने अपनी बात रखते हुए पीड़ित महिला ने बताया कि करीब दो साल पहले उनके पति को पैरालिसिस की समस्या हो गई थी, जिसके कारण वे नौकरी पर नहीं जा सके। परिवार पहले से ही आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा है। महिला के अनुसार, उन्हें महतारी वंदन योजना की राशि 14 महीने तक मिली, लेकिन अब 14 हजार रुपये वापस करने के लिए कहा जा रहा है।vमहिला ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि जब परिवार के पास इलाज और घरेलू खर्च के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं, तो इतनी बड़ी राशि कहां से लौटाई जाए? बातचीत में बेटी की नौकरी और शादी के बाद पात्रता को लेकर भी वसूली की स्थिति का जिक्र सामने आया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर भी इस संबंध में दबाव बनाए जाने की बात कही गई। पीड़िता
की पूरी बात सुनने और दस्तावेजों को देखने के बाद विधायक संगीता सिन्हा ने मामले को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि वे इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से चर्चा करेंगी और महिला एवं बाल विकास मंत्री के समक्ष भी मामला उठाएंगी, ताकि वास्तविक परिस्थितियों को समझे बिना जरूरतमंद महिलाओं पर वसूली का दबाव न बनाया जाए।
विधायक श्रीमती सिन्हा ने इस मामले को केवल एक महिला या एक गांव तक सीमित नहीं बताते हुए कहा कि कई गांवों के हितग्राही इससे प्रभावित हो सकते हैं।
वसूली प्रक्रिया पर उठे सवाल
महतारी वंदन योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर उन्हें सशक्त बनाना है। ऐसे में योजना की राशि प्राप्त करने के बाद लंबे समय से आर्थिक तंगी में जीवन गुजार रहे परिवारों को अचानक वसूली का नोटिस मिलना चिंता का विषय बन गया है। अब सवाल यह है कि हितग्राहियों की पात्रता का सत्यापन किस आधार पर किया गया और राशि जारी होने के बाद वसूली की जिम्मेदारी किसकी है?
हितग्राहियों को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन उनकी परिस्थितियों और दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कर राहत प्रदान करेगा।
