पवन ने स्वरोजगार स्थापित कर परिवार में लायी खुशहाली, किराना एवं कपड़ा दुकान को बनाया स्वरोजगार का जरिया

बीजापुर :- जिले के बीजापुर ब्लॉक अंतर्गत कोतापाल निवासी पवन लिंगम ने सरकारी नौकरी के बजाय स्वरोजगार स्थापित कर परिवार को खुशहाली की ओर अग्रसर कर चुका है। पवन ने गांव में ही किराना एवं कपड़ा दुकान खोलकर उसे स्वरोजगार का जरिया बनाया है। अभी हाल ही में पवन से उसके दुकान में मुलाकात होने पर बताया कि वह 12 वीं उतीर्ण करने के बाद लाईवलीहुड कॉलेज बीजापुर से प्लंबर का प्रशिक्षण प्राप्त कर प्लंबर का कार्य किसी ठेकेदार के पास कर रहा था। प्लंबर कार्य से अच्छी आमदनी नहीं होने कारण धीरे-धीरे उसमें रूचि कम होती गयी। उसके बाद उसने ड्रायविंग सीखने का विचार कर आईटीआई से ड्रायविंग का प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद पवन ने जिले के कई विभागों में वाहन चालक के पद हेतु आवेदन कर अपनी किस्मत आजमायी परन्तु सफलता हाथ नहीं लगी। जिससे निराश पवन ने स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने का विचार कर कोत्तापाल में छोटे स्तर पर किराना व्यवसाय चालू किया। कोत्तापाल रोड़ से होकर कई गांवों के लोगों का आना जाना है लगा रहता है, जिससे दुकान में अच्छी खासी ग्राहकी हो रही थी। किराना दुकान छोटा एवं कम सामान होने कारण ग्राहकों को आवश्यक सामग्रियां उपलब्ध नहीं करा पा रहा था। पवन ने दुकान को बड़े स्तर पर करने हेतु जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से संपर्क कर मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजनांतर्गत वर्ष 2021 में कार्यालय के माध्यम से किराना व्यवसाय हेतु 2 लाख का ऋण प्रकरण यूनियन बैंक ऑफ इंडिया बीजापुर प्रेषित कर ऋण स्वीकृत कराया गया। उद्योग विभाग द्वारा व्यवसाय का सफल संचालन हेतु एक सप्ताह का उद्यमिता विकास प्रशिक्षण दिया गया। तत्पश्चात बैंक द्वारा ऋण संवितरण किया गया है। हितग्राही अन्य पिछडा वर्ग के उद्यमी होने के कारण ऋण स्वीकृत राशि पर 15 प्रतिशत की दर से 30 हजार रूपये विभाग द्वारा अनुदान प्रदाय किया गया। पवन किराना दुकान के व्यवसाय के साथ-साथ कपड़ा व्यवसाय का कार्य भी कर रहा है, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति में कॉफी सुधार हुआ है। पवन को उक्त व्यवसाय से प्रतिमाह लगभग 15 हजार रूपये की निरंतर आमदनी हो रही है और वह बैंक की किश्तों का भुगतान भी नियमित रूप से कर पा रहा है तथा अपने परिवार का भी पालन- पोषण अच्छे से करने सहित परिवार को खुशहाल बना चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *