जिले में मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान व पोषण के लिए बेहतर कार्य :- डा प्रियंका शुक्ला
दंतेवाड़ा :- आकांक्षी जिला दंतेवाड़ा के विकास सूचकांक स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, कौशल विकास, वित्तीय समावेशन और बुनियादी ढांचा जैसे विकास के क्षेत्रों की समीक्षा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की प्रबंध संचालक डॉ प्रियंका शुक्ला ने विगत दिवस कलेक्टोरेट में किया।

डा शुक्ला ने दंतेवाड़ा जिले में मलेरिया मुक्त अभियान,सुगम स्वास्थ्य योजना मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक योजना के सफल क्रियान्वयन की सराहना की। साथ ही कोविड काल में पढ़ाई तुहर द्वार के तहत् कार्यक्रम की भी सराहना की।
डा शुक्ला द्वारा दंतेवाड़ा जिलें में कुपोषण स्तर को दूर करने में महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यकर्ताओं को गृहभेंट को सतत् जारी रखते हुए घर-घर जाकर जागरूकता लाने के प्रयास करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने बापी न उवाट को एक अच्छा प्रयास बताया।
साथ ही कहा कि नियमित मॉनिटरिंग का असर संस्थागत प्रसव को बढ़ाने में मददगार साबित होगा।इसके अलावा आधारभूत सरंचनाओं के विकास पर भी जोर देकर सभी बसाहटों में विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए गांवों में युवाओं को बैंक कॉरेस्पोंडेंस के तौर पर नियुक्त करने के साथ ही ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जैसे बहुत ही कम दर पर उपलब्ध बीमा योजनाओं के माध्यम से सुरक्षा प्रदान करने पर भी जोर दिया। उन्होंने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना आदि योजनाओं से लाभान्वित करने कहा। बैठक में दंतेवाड़ा जिले में नवाचार के रूप में संचालित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संचालित छू लो आसमान , रोजगार संवर्धन के लिए जिले में पूना माडाकाल के माध्यम से रोजगार संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यक्रम आदि के संबंध में जानकारी दी।डॉ प्रियंका शुक्ला ने किए जा रहे नवाचार की प्रशंसा की। इस दौरान कलेक्टर दीपक सोनी, जिला पंचायत सीईओ आकाश छिकारा एवं सबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
