हड़ताली मनरेगा कर्मियों को मिला सर्व संविदा कर्मचारी संघ का साथ, बड़े आंदोलन की बन रही रणनीति
रायपुर – महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में कार्यरत अधिकारी कर्मचारी एवं रोजगार सहायक विगत 40 दिन से लगातार अपने नियमितीकरण की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं मनरेगा कर्मचारी महासंघ के बैनर तले चल रहे इस हड़ताल को अब सर्व संविदा कर्मचारी संघ का साथ मिल गया है। मनरेगा कर्मियों के साथ समस्त संविदा कर्मचारियों का एक मंच पर आना भविष्य में बड़े आंदोलन की सुगबुगाहट है।

महासंघ के प्रांताध्यक्ष चन्द्रशेखर अग्निवंशी ने बताया कि चुनावी जन घोषणा पत्र को आत्मसात करते हुए समस्त मनरेगा कर्मियों का नियमितीकरण किया जावे एवं नियमितीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने तक ग्राम रोजगार सहायकों का वेतनमान निर्धारण करते हुए समस्त मनरेगा कर्मियों पर सिविल सेवा नियम 1966 के साथ पंचायत कर्मी नियमावली लागू करने के संबंध में प्रदेश भर में मनरेगा कर्मचारी 4 अप्रैल से अनिश्चित कालीन हड़ताल ,धरना प्रदर्शन पर बैठे है।
छत्तीसगढ़ सर्व सविदा विभागीय संविदा कर्मचारी महासंघ के प्रताध्यक्ष कोशलेस तिवारी ने बताया कि मनरेगा कर्मचारी सरकार के चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादे को पूरा करने हेतु 4 अप्रैल से लगातार संघर्ष कर रहे है। संघर्ष के इस घड़ी में समस्त विभागों में कार्यरत संविदा कर्मचारी मनरेगा के आंदोलनरत साथियों के साथ है। अन्य विभागों में कार्यरत सभी संविदा कर्मचारी 1 दिन का अवकास लेकर जिला व अपने विकासखंड स्तर पर मनरेगा साथियों के साथ धरना दिए। भविष्य में भी हम सभी विभाग मिलकर सरकार बनने के पूर्व किए गए वादे को निभाने के लिए लगातार अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।
