माओवादी सीएनएम सदस्य और मिलिशिया प्लाटून सदस्य ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष किया समर्पण
बीजापुर :- पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दराज पी, उप पुलिस महानिरीक्षक कमलोचन कश्यप के दिशा निर्देश पर चलाये जा रहे माओवादी उन्मूलन अभियान के तहत जाटलूर एरिया कमेटी के सीएनएम सदस्य मंगलू मुहन्दा उर्फ राजेश उम्र 25 वर्ष निवासी जारवा, थाना बेदरे एवं भैरमगढ़ एरिया कमेटी अंतर्गत जोपेमरका मिलिशिया प्लाटून सदस्य बामन पोडियामी उम्र 23 वर्ष निवासी पटेलपारा जप्पेमरका थाना मिरतुर जिला बीजापुर द्वारा मंगलवार 24 मई को पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय, एएसपी पंकज शुक्ला के समक्ष माओवादीयों की खोखली विचारधारा, जीवन शैली, भेदभाव पूर्ण व्यवहार एवं प्रताड़ना से तंग आकर तथा छत्तीसगढ़ शासन के पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया है ।
मंगलू मुहन्दा उर्फ राजेश के माओवादी संगठन में कार्य का विवरण –
2007 में बाल संघम के रूप में संगठन में भर्ती किया गया , 2007 से 2012 तक बाल संघम के रूप में कार्य करने के बाद 2013 में माड़ डिवीजन के अंतर्गत जाटलूर एरिया कमेटी अंतर्गत DAKMS एरिया कमेटी सदस्य के रूप में पदोन्नत किया गया । वर्ष 2013 से 2015 तक कार्य करने के बाद 2016 में जाटलूर कमेटी CNM सदस्य का कार्य दिया गया और 2022 तक इसी पद पर कार्यरत रहा । इस दौरान वर्ष 2021 में महाराष्ट्र के गडचिरोली जिला के भामरागड में पुलिस और माओवादियों के बीच हुए मुठभेड़ में शामिल रहा ।
बामन पोडियामी 2008 में जप्पेमरका के बाल संघम के रूप में भर्ती किया गया , 2010 तक इस पद पर कार्य करने के बाद 2011 में बाल संगठन के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया ।वर्ष 2011 से 2015 मिलिशिया प्लाटून सदस्य की जिम्मेदारी दी गई , इस पद पर 2022 तक कार्यरत था । इस दौरान जवान की हत्या, सलवा जुडूम कार्यकर्ता की हत्या, सरपंच की हत्या, मार्ग अवरुद्ध करने जैसी गम्भीर अपराधों में शामिल रहा ।
दोनों माओवादियों को आत्मसमर्पण के पश्चात उत्साह वर्धन हेतु शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत 10000 दस हजार रुपये नगद प्रोत्साहन राशि प्रदाये किया गया ।
