पौधे तैयार करेंगी स्व सहायता समूह की महिलाएं, सीएफपी के विशेषज्ञों द्वारा सीएलएफ के पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
बीजापुर:– राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अन्तर्गत समूह बनाकर अपनी आजीविका के लिए कार्य करने वाली महिलाओं के लिए जिलें में बहुत से नवाचार किये जा रहे हैं। उसी कड़ी में इन महिलाओं की मेहनत और लगन को ध्यान में रखते हुए इनके माध्यम से पौधरोपण व नर्सरी तैयार करने की पहल की जा रही है। जिसके लिए गुरूवार को जिला पंचायत सभागार में सीएफपी (कलस्टर फेसीलिटेशन प्रोजेक्ट) के विशेषज्ञों द्वारा स्व सहायता समूह के सीएलएफ (कलस्टर लेवल फेडरेशन) के पदाधिकारियों को वृक्षारोपण व नर्सरी तैयार करने का तकनीकी मार्गदर्शन व प्रशिक्षण दिया गया।
जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी रवि साहू ने बताया कि कलेक्टर राजेन्द्र कुमार कटारा के मार्गदर्शन में स्व सहायता समूह की महिलाओं के सीएलएफ (कलस्टर लेवल फेडरेशन) के माध्यम से पौधे तैयार करने व जिले के 73 गौठानों में ब्लाक प्लांटेशन करने की योजना बनाई गई है।
प्रशिक्षण में जिला समन्वयक एवं प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन के विशेषज्ञ अनुराग राजपूत एवं जीआईएस के जिला विशेषज्ञ सुबोध पडेगांवकर ने महिलाओं को पौधरोपण व नर्सरी तैयार करने में सीएलएफ की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला, साथ ही पौधरोपण करने के पूर्व आवश्यक तैयारियां एवं तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की।
प्रशिक्षण के दौरान मनरेगा एपीओ नारायण बंजारे, तकनीकी समन्वयक विक्रम वर्मा, प्रोग्रामर जिनेश कुमार के अलावा एनआरएलएम, उघानिकी विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
