लोकतंत्र मे चुनाव का महत्व एवं चुनाव प्रक्रिया का छात्रो को गतिविधियों के माध्यम से बताया गया
बीजापुर :- भैरमगढ़ ब्लॉक के प्राथमिक शाला माटवाड़ा में सोमवार को लोकतांत्रिक प्रक्रिया द्वारा प्रचार प्रसार के साथ बच्चों के बाल संसद चुनाव का आयोजन किया गया था। जिसमे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया व मतदान किया। बच्चों को लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया पर प्रारंभिक समझ व पठन-पाठन की गतिविधियों को खेलकुद के गतिविधियों के साथ बेहतर बनाने के उद्देश्य से बीजापुर के डेमो विद्यालयों में बाल संसद का चुनाव किया जा रहा है। माटवाड़ा संकुल का डेमो विद्यालय प्राथमिक शाला माटवाड़ा अपने आप में जिले के सभी सरकारी विद्यालयों के लिए उदाहरण के रूप में है।

इस विद्यालय में शिक्षक की मेहनत बच्चों के व्यवहार में झलकती है। आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत जिले में कार्यरत पिरामल फाउंडेशन की ओर से भैरमगढ़ ब्लॉक में चयनित डेमो विद्यालयों में गांधी फेलो सागर गजभिये द्वारा शैक्षणिक गतिविधियों के साथ लर्निंग आउटकम को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बाल संसद के गठन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी प्रयास में प्राथमिक शाला माटवाड़ा में शिक्षकों व संकुल समन्वयक से संपर्क करने के पश्चात बाल संसद के गठन के लिए लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया का प्रस्ताव रखा गया। जिसके उपरांत शिक्षकों द्वारा इस चुनाव प्रक्रिया में सम्पूर्ण तैयारियां बच्चों से करवाई गई जिसमें एक पीठासीन अधिकारी, सात मतदान अधिकारी जिसमे विद्यार्थी, तीन शिक्षक व गांधी फेलो शामिल थे, साथ ही दो बूथ लेवल ऑफिसर व तीन सुरक्षा रक्षक के रूप में बच्चों ने भूमिका निभाई। इस बाल संसद के चुनाव के संदर्भ में शिक्षकों ने बच्चों को जानकारी दी व प्रेरित किया साथ ही चुनाव प्रक्रिया समझाई, इसके पश्चात कुल 22 उम्मीदवार बच्चों ने 11 सीटों पर चुनाव करने के लिए अपनी इच्छा दर्शाई, विद्यालय के शिक्षकों ने सभी उम्मीदवारों के सर पर रखने के लिए कागज की टोपी बनाई, मतदाता सूची बनाई गई, मतदान अधिकारियों के लिए आईडी कार्ड बनाये गए, मतदाता पर्ची बनाई गई। EVM के रूप में मोबाइल ऐप का उपयोग किया गया जिसमे सभी उम्मीदवारों के नाम व चुनाव चिन्हों को शामिल किया गया। इस तमाम तैयारियों के बाद सभी उम्मीदवार बच्चों द्वारा चुनाव के लिए नारेबाजी के साथ अपना अपना प्रचार विद्यालय में किया गया। साथ ही शिक्षकों द्वारा अधिकारी बने बच्चों को उनकी भूमिका बताकर चुनाव किया गया, चुनाव के उपरांत बच्चों को चॉकलेट बाटें गए। और अन्तिमतः चुनाव परिणाम की घोषणा की गई जिसमें कक्षा पाचवी के देवेंद्र ठाकुर प्रधानमंत्री पद के लिए भारी मतों से विजयी हुए, इसी के साथ शाला प्रबंधन समिति मीटिंग के दौरान बाल संसद के मंत्रियों का शपथविधि कराने का निर्णय संकुल समन्वयक द्वारा बताया गया व जीत का जश्न विद्यालय में मनाया गया। बाल संसद के इस आयोजन के लिए प्रधान पाठक अंजना पार्कर, रेणुका मैडम, व संकुल समन्वयक जयपाल निषाद सर द्वारा मुख्य रुप से चुनाव को बेहतर व क्रिएटिव बनाने के लिए गांधी फेलो सागर गजभिये के साथ मिलकर प्रयास किये गए। इस दौरान दो शिक्षिकाएं, संकुल समन्वयक,गांधी फेलो व स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ कुल 46 बच्चों ने मतदान किया।
