मनरेगा की बहनों ने अपने विधायक भाई को बांधी राखी, बहनों ने भाई के उज्ज्वल भविष्य की कामना, तो भाई ने संकट में सहयोग और रक्षा करने का दिया वचन
बीजापुर :- विधायक बंगले में माहौल उस वक्त भावुक हो गया, जब रक्षाबंधन त्यौहार के अवसर पर छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ की जिला बीजापुर की महिला कर्मचारियों ने संकट के समय सहयोग करने वाले क्षेत्रीय विधायक विक्रम शाह मंडावी को राखी बांधकर उनके उज्वल भविष्य की कामना की। वहीं विधायक ने इन बहनों को कहा कि आप लोगों ने मुझे राखी बांधकर अपना बड़े भाई बनाया है। जब कभी भी आप लोगों को कोई समस्या होगी मैं उसे दूर करने शत प्रतिशत प्रयास करूंगा। अपना मोबाइल नंबर देते हुए विधायक ने कहा कि जब कभी भी कोई भी जरूरत हो तो आप लोग सीधे मुझसे संपर्क कर सकते है।

महासंघ की सदस्य रूखमणी श्रीवास्तव ने बताया कि हड़ताल के दौरान व हड़ताल के बाद भी जब कभी विधायक विक्रम शाह मंडावी के पास अपनी समस्याओं को लेकर गए, उनके द्वारा गंभीरतापूर्वक सुनते हुए निराकरण हेतु त्वरित कार्यवाही की गई। क्षेत्र के विधायक होने के नाते वो अपनी व्यस्ततम दिनचर्या के बावजूद हम लोग के लिए समय निकालकर एक बड़े भाई के समान हमेशा संकट में सहयोग किए, इसलिए हम सभी मनरेगा महिला कर्मचारियों ने तय किया कि भईया को राखी बांधेंगे।
इस दौरान ममता जव्वा, निखत रिजवी, हेमलता चंद्रा, करिश्मा, दुर्गा, रीता सकनी, रवि कांता, किरण नाईक,कमल ताती उपस्तिथ थे, जिन्होंने राखी बांधकर विधायक का मुंह मीठा कराया।
