लोहा डोंगरी बागवानी निर्माण में भ्रस्टाचार का खुला खेल, मजदूरों के मजदूरी भी खा गए मंत्री विधायक – महेश गागड़ा

बीजापुर :- पूर्व मंत्री व भाजपा नेता महेश गागड़ा ने भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्र वार्ता के दौरान क्षेत्रीय विधायक पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा कि लोहा डोंगरी बागवानी निर्माण में कार्य किये स्थानीय मजदूरों की मजदूरी एक वर्ष बीत जाने के बाद भी नही दिया गया है । पुनः बागवानी निर्माण का कार्य दूसरे प्रदेश के मजदूरों को लाकर उनसे कार्य कराते हुए जिले के मजदूरों का हक मारने का प्रयास किया जा रहा है । यही वजह है कि यहां के गरीब आदिवासी रोजगार की तलाश में अन्य प्रदेश जाने के लिए मजबूर हो रहें । जिला मुख्यालय में स्थित लोहा डोंगरी बागवानी निर्माण से लेकर अब तक भ्रष्टाचार का खुला अड्डा बन गया है । यहां काम करने वाले मजदूरों का पैसा मंत्री और विधायक खाने लगे हैं ।

महेश गागड़ा ने आगे कहा कि 2021 में मुख्यमंत्री के प्रवास के दौरान उन्हें दिखा कर खुश करने के उद्देश्य से लोहा डोंगरी बागवानी का निर्माण आनन फानन में कराया गया था । किंतु इस बागवानी को बनाने में अपना पसीना बहाने वाले मजदूरों की मजदूरी आज पर्यंत तक नही दिया गया है । इस सम्बंध में जब मेरे द्वारा जिला कलेक्टर से जानकारी चाही गई तो उन्होंने दोषी ठेकेदार को बना दिया । जबकि दुबारा उसी बागवानी में ठेकेदार के माध्यम से दूसरे प्रदेश के मजदूरों को लाकर एक बार फिर से कार्य कराया जा रहा है । इससे ऐसा लगता है कि उस बागवानी के निर्माण के नाम पर बार बार राशि स्वीकृत कर ठेकेदार के माध्यम से भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है ।

इस सम्बंध में मेरे द्वारा श्रम कल्याण बोर्ड को लिखित में शिकायत किया जायेगा । यदि किसी प्रकार की कार्यवाही नही होती है तो भाजपा की सरकार आने के बाद जिम्मेदारों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही किया जायेगा । इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता जी वेंकट, जिलाध्यक्ष श्रीनिवास नायडू, महामंत्री सतेंद्र ठाकुर, मंडल अध्यक्ष भुवन सिंह चौहान सहित भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *