प्रदेश में शराब घोटाले को लेकर भाजपाइयों ने किया मुख्यमंत्री का पुतला दहन
छोटे कापसी (राजदीप शर्मा):- भाजपा मंडल कापसी में शुक्रवार 12 मई की देर शाम को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला दहन किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 2 हजार करोड़ रूपए के कथित शराब घोटाले मामले को लेकर कांग्रेस सरकार के विरोध में अन्तागढ़ विधानसभा अंतर्गत कापसी मंडल में कार्यकर्ताओं के द्वारा कापसी नेताजी चौक पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला दहन कर,प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद,कांग्रेस सरकार होश में आओ,शराब घोटाला बंद करो के नारेबाजी की।

पूर्व विधायक भोजराज नाग ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में दो हजार करोड़ शराब घोटाले का मामला उजागर हुआ है। जिसमे प्रदेश के मुखिया से लेकर कई मंत्री का हाथ है उन्होंने कहा कि प्रदेश की भोली भाली जनता को शराबबंदी के वादे समेत 36 वादे पूरा करने कांग्रेस पार्टी ने गांगजल हाथों में लेकर अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया था। लेकिन अब तक प्रदेश सरकार अपने वादों को शत प्रतिशत पूरा करने में विफल साबित हो रही है और झूठे वादे कर जनता को छलने का कार्य कर रही है। इस पुतला दहन कार्यक्रम में पूर्व विधायक भोजराज नाग,जंप सासंद प्रतिनिधि नोहर उसेंडी,मंडल अध्यक्ष दीपंकर दत्ता,अमर ब्रम्हचारी,अनुकूल मंडल,जदु दास आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
