बस्तर विधायक बघेल ने प्रतिभावान विद्यार्थियों का किया सम्मान
बस्तर :- क्षेत्रीय विधायक एवं बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया। उन्होंने विभिन्न स्कूलों की 63 छात्राओं को सायकिल वितरण भी किया।


खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने माता- पिता एवं गुरुजनों का मान बढ़ाने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं गिफ्ट प्रदान कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। श्री बघेल ने बच्चों को सीख देते हुए कहा कि सफलता से आपके व्यवहार में बदलाव नहीं आना चाहिए। सफलता पर गर्व करें, घमंड नहीं। विनम्र बनें। जब हम कोई लक्ष्य हासिल करते है, तो समाज और परिवार में सम्मान बढ़ता है। लखेश्वर बघेल ने सरस्वती सायकल योजना के तहत शासकीय हाईस्कूल कुड़कानार की 29 छात्राओं, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करमरी की 13 छात्राओं तथा शासकीय हाई स्कूल कोलचूर की 21 छात्राओं को सायकल वितरण किया।

इस दौरान विधायक श्री बघेल ने कहा कि हम अपनी संस्कृति को सहेजते हुए और परंपराओं का सम्मान करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। शिक्षा ही एकमात्र माध्यम है, जिससे व्यक्ति का समग्र विकास संभव है। स्वामी दयानंद सरस्वती ने जिस आंदोलन की शुरुआत की थी, हमें आज उसका परिणाम देखने को मिल रहा है। स्वामी दयानंद सरस्वती ने महिलाओं को शिक्षित करने के लिए आवाज उठाई थी और इसी का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ के कालेजों में छात्रों से ज्यादा संख्या छात्राओं की है। कार्यक्रम में गणेश बघेल, शोभाराम मार्कण्डेय, राम्याराम मौर्य, नवलसिंह, भागरथी, हेमराज बघेल, नीलम कश्यप, राजेश कुमार, जितेंद्र तिवारी, तुलसीराम ठाकुर, सदन कश्यप, बाती मौर्य, सोनारु, फूलसिंह मौर्य, रमेश कश्यप, दीनू नेताम, दया भद्रे, सुखनाथ पटेल, सुंदर ठाकुर, मंगलू मौर्य, सूखदास बघेल, रतन कश्यप, सुलकु बघेल, बीईओ अरुण देवांगन, बीआरसी राजेंद्र ठाकुर, नोडल अधिकारी शैलेंद्र तिवारी, कर्मचारी व ग्रामीण उपस्थित थे।
