राशन कार्डधारियों की अब राशन दुकान में केवायसी
जगदलपुर :- केंद्र सरकार के निर्देशानुसार वन नेशन -वन राशन कार्ड योजना अंतर्गत राज्य के सभी राशन कार्डधारी हितग्राहियों का ई-केवायसी उचित मूल्य दुकानों में ई-पास मशीन के माध्यम से करने की कार्यवाही शुरू की गई है। खाद्य विभाग द्वारा इस कार्य को पूर्ण करने की अंतिम तिथि 30 सितम्बर निर्धारित की गई है।
बस्तर जिले में 58 प्रतिशत राशन कार्डधारी सदस्यों के ई-केवायसी का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष राशन कार्डधारी सदस्यों के ई- केवायसी का कार्य वर्तमान माह में पूर्ण कराना आवश्यक है। खाद्य नियंत्रक ने अपील की है कि जिले के ऐसे राशन कार्डधारी परिवारों जिनके द्वारा अभी तक उचित मूल्य दुकानों में उपस्थित होकर अपने परिवार के सदस्यों के ई-केवायसी नहीं कराया गया है, वे राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों व उनके आधार कार्ड के साथ इस माह उचित मूल्य दुकान में उपस्थित होकर ई-पास मशीन के माध्यम से सभी सदस्यों का ई-केवायसी की कार्यवाही अवश्य पूर्ण करा लें।
