बेहतर प्रदर्शन कर बस्तर का मान बढ़ाएं खिलाड़ी रेखचंद जैन


जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन

जगदलपुर :- संसदीय सचिव एवं विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के माध्यम से मुख्यमंत्री ने परंपरागत खेलों को पुनः स्थापित कर इन खेलों को बढ़ावा दिया है और छत्तीसगढ़ का गौरव लौटाया है।

श्री जैन यहां लालबाग में आयोजित जिला स्तरीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज के मोबाईल फोन के युग में हमारे युवा और सभी आयु वर्ग के लोग शारीरिक, मानसिक रूप से कमजोर हो रहे थे। शासन की सराहनीय पहल से परंपरागत खेलों को बढ़ावा मिला साथ ही नई पीढ़ी को पारंपरिक खेलों से जोड़ने का काम किया है। कोई भी खेल खेलने से स्वास्थ्य अच्छा रहता है। सभी स्वस्थ्य रहेंगे, तो देश- प्रदेश के विकास में सहभागी बनेंगे। हमारे जिला के खिलाड़ी जिला स्तरीय आयोजन में बेहतर प्रदर्शन कर बस्तर का नाम ऊंचा करें। खिलाड़ी हर स्तर पर मेहनत करें, बस्तर का नाम रोशन करें। खेल में हार- जीत लगी रहती है, खिलाड़ी हार से नर्वस न होकर अच्छा प्रदर्शन करें। उन्होंने शायरी के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया ’’ना जीतना जरूरी, ना हार जरूरी, जीवन एक खेल है, खेलना जरूरी है।’’ कलेक्टर विजय दयाराम के ने कहा कि खिलाड़ी खेल के सभी विधाओं में खेल भावना के साथ स्फूर्ति, सुरक्षित तरीके से खेलते हुए खेल का आनंद लें। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हमारे खिलाड़ियों ने ग्राम, जोनल स्तर में जीतकर पहुंचे हैं। सभी को बधाई और शुभकामनाएं। शासन द्वारा छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के आयोजन की मंशा समझना जरूरी है। हमारी संस्कृति और ग्रामीण खेलकूद का हिस्सा रहे सभी खेल जो विलुप्त हो रहे थे, उन्हें फिर से मुख्यधारा पर लाने तथा आगामी पीढ़ी को इन खेलों से अवगत कराने का प्रयास है। जिले के सातों विकासखंडों से लगभग 1700 से अधिक खिलाड़ी इसमें शामिल हुए। कार्यक्रम में नगर निगम की सभापति कविता साहू, राजीव मितान क्लब के जिला संयोजकl सुशील मौर्य, जिला पंचायत के सीईओ प्रकाश सर्वे, नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, खेल विभाग के सहायक संचालक राजेंद्र डेकाटे और अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी उपस्थित थे। इस प्रतियोगिता में 3 आयु वर्ग के खिलाड़ियों द्वारा 16 विधाओं के खेलकूद में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *