डौण्डी लोहारा पहुंचते ही राजमन बेंजाम ने सम्हाल लिया मोर्चा


जुट गए चुनावी रणनीति बनाने में पर्यवेक्षक राजमन

डौण्डी लोहारा (अर्जुन झा) :- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा द्वितीय चरण के चुनाव के तहत डौण्डी लोहारा विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त किए गए विशेष पर्यवेक्षक राजमन बेंजाम ने इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अनिला भेंड़िया के पक्ष में मोर्चा सम्हाल लिया है। वे क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर प्रचंड जीत के लिए रणनीति बनाने में लग गए हैं। इस दौरान उनके समक्ष क्षेत्र के वरिष्ठ नेता हेमराज लेनपांडे ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।

राजमन बेंजाम बस्तर जिले के चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के निवर्तमान विधायक हैं। चित्रकोट से इस बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दीपक बैज कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार रहे हैं। टिकट न मिलने के बावजूद राजमन बेंजाम ने जरा भी गिला शिकवा न करते हुए अधिकृत कांग्रेस प्रत्याशी दीपक बैज के पक्ष में जी जान लगाकर लगातार प्रचार प्रसार किया। वे धुर नक्सल प्रभावित गांवों में देर रात तक मतदाताओं के बीच पहुंचते रहे। दीपक बैज के चुनावी अभियान को धार देने में उन्होंने कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। राजमन बेंजाम की कर्मठता और कांग्रेस पार्टी के प्रति समर्पण भावना को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने उन्हें डौण्डी लोहारा विधानसभा क्षेत्र के चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी का विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त कर उन्हें यहां भेजा है। यहां पहुंचते ही श्री बेंजाम ने पीसीसी चीफ दीपक बैज के भरोसे के अनुरूप मोर्चा सम्हाल लिया। उन्होंने डौण्डी लोहारा विधानसभा क्षेत्र और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डौण्डी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनाव प्रचार हेतु रणनीति तैयार की। श्री बेंजाम ने सबसे पहले तो क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और क्षेत्र के मतदाताओं की तासीर की जानकारी ली, फिर प्रचार प्रसार के लिए सामग्री व संसाधनों की जरूरत के बारे में पूछा। उसी अनुरूप प्रचार की रणनीति बनाई और पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण टिप्स दिए। श्री बेंजाम ने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में किए गए वादों के बारे में किसानों, आदिवासियों, महिलाओं, युवाओं और मजदूरों को बेहतर ढंग से समझाएं। उन्हें बताएं कि कांग्रेस का घोषणा पत्र भाजपा के घोषणा पत्र से कई गुना बेहतर है। भाजपा जहां धान को 31 सौ रुपए क्विंटल में खरीदने की बात कही है, कांग्रेस 32 सौ रुपए क्विंटल में धान खरीदेगी। महिलाओं को भाजपा 1200 रु. देने की बात कहती है तो हमारी कांग्रेस सरकार 1500 रु. मासिक देगी। उसी तरह प्रति मानक बोरा तेंदूपत्ता की दर भाजपा 4000 रु. देने की बात कह रही है, तो कांग्रेस 6000 रु. देने वाली है। भाजपा के घोषणा पत्र में किसानों और महिला स्व सहायता समूहों की कर्जमाफी और केजी से पोस्ट ग्रेजुएशन तक मुफ्त शिक्षा का जिक्र ही नहीं है। इस तथ्य को भी लोगों के सामने रखें। लोगों को यह भी बताएं कि 15 साल तक छत्तीसगढ़ में राज करने वाली भाजपा ने अपने तीनों कार्यकाल में अपने चुनावी घोषणा पत्रों के एक भी वादे को पूरा नहीं किया। भाजपा कहती कुछ है तथा करती कुछ और है। जबकि कांग्रेस जो कहती है, उसे करके भी दिखाती है। भूपेश बघेल सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र के 98 प्रतिशत वादों को पूरा कर दिखाया है। श्री बेंजाम ने कहा कि इन बातों को मतदाताओं के मन में अच्छे से बिठाना होगा।

काफी कार्य कराए हैं मैडम ने
राजमन बेंजाम ने कहा कि हमने जगदलपुर और चित्रकोट में बैठे रहकर अखबारों में पढ़ा है कि क्षेत्र की विधायक के रूप में महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया ने डौण्डी लोहारा क्षेत्र के विकास को नया आयाम दिया है। क्षेत्रवासियों की सेवा भेंड़िया मैडम ने एक ममतामयी मां के रूप में की है। उन्होंने दल्ली राजहरा में सौ बिस्तर अस्पताल की स्वीकृति दिला दी है। यह अस्पताल जल्द खुल जाएगा। इसी तरह गांव गांव में शुद्ध पेयजल, बिजली, सड़क, शिक्षा, सिंचाई आदि की व्यवस्था उन्होंने कराई है। उनके द्वारा कराए गए उल्लेखनीय कार्यों को जन जन तक पहुंचाना होगा। इसके अलावा भूपेश बघेल सरकार की उपलब्धियों और केंद्र की मोदी सरकार की विफलताओं के बारे में लोगों को बताएं। आज के मतदाता समझदार और सच व झूठ का मूल्यांकन करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि अनिला भेंड़िया ही नहीं, उनके ससुर स्व. झुमुकलाल भेंड़िया और जेठ डोमेंद्र भेंड़िया ने पूरी निष्ठा के साथ क्षेत्र की सेवा की है।. इस बारे में नए मतदाताओं को जरूर बताएं।

लोकप्रिय नेत्री हैं अनिला भेंड़िया
डौण्डी लोहारा की कांग्रेस प्रत्याशी अनिला भेंड़िया एक शिक्षित एवं लोकप्रिय जननेत्री हैं। वे आदिवासी समाज से आती हैं और पर्यवेक्षक राजमन बेंजाम भी आदिवासी हैं। डौण्डी लोहारा क्षेत्र आदिवासी बहुल है। अनिला भेंड़िया राजनीतिक परिवार की बहू हैं, लिहाजा उनमें राजनैतिक कुशलता विरासत में मिली है। वे निस्वार्थ भाव से क्षेत्रवासियों की सेवा करती आई हैं। वहीं राजमन बेंजाम भी आदिवासियों के दुख तकलीफ को भलिभांति समझते हैं। राजमन बेंजाम डौण्डी लोहारा क्षेत्र के भी आदिवासियों को कांग्रेस के पक्ष में एकजुट करने के लिए अब विशेष रणनीति बनाकर काम करने वाले हैं। ऐसा माना जा रहा है कि चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र की तरह डौण्डी लोहारा क्षेत्र में भी उनकी कुशल रणनीति का डंका बजेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *