मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल आएंगे बस्तर, तैयारी में जुटी भाजपा


मंत्री केदार कश्यप ने शहर को सजाने व आयोजन को भव्य बनाने का रखा लक्ष्य
जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 6 जनवरी शनिवार को बस्तर प्रवास पर पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय जगदलपुर में आयोजित होने वाले भारतीय जनता पार्टी के संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह में शिरकत करेंगे। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार गठन के बाद यह मुख्यमंत्री श्री साय का प्रथम बस्तर प्रवास है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वागत को लेकर भाजपा भव्य तैयारियों में जुट गई है। पूरे शहर में साज सज्जा करने की योजना बनाई गई है।

धरमपुरा काॅलेज के समीप विशाल मैदान पर भाजपा का संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित होगा। वन, जल संसाधन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने आज भाजपा जिला कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के बस्तर आगमन व संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह की तैयारियों को अमलीजामा पहनाने जिला व मंडल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इसके पूर्व वन मंत्री केदार कश्यप ने सम्मान समारोह कार्यक्रम स्थल का जायजा भी लिया और तमाम व्यवस्थाओं को तय समय में पूरा करने निर्देश दिए। शनिवार को पहले पहर में भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन होगा। इसमें बस्तर संभाग के सभी सात जिलों के भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के भव्य स्वागत अभिनंदन की तैयारियां जोरशोर से शुरू कर दी गई हैं। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के उपरांत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पहला बस्तर आगमन हो रहा है। सभी कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी से काम में जुट जाएं व सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन कर्मठता से करें। मुख्यमंत्री श्री साय देवतुल्य कार्यकर्ताओं का सम्मान करने बस्तर आ रहे हैं, यह हम सभी के लिए गौरव का क्षण होगा। बैठक व निरीक्षण के दौरान संभागीय सह प्रभारी निरंजन सिन्हा, भाजपा जिला अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, विधायक विनायक गोयल, योगेंद्र पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, श्रीधर ओझा, गोदावरी साहू, रामाश्रय सिंह, वेदप्रकाश पाण्डेय, रजनीश पाणिग्रही, संजय पाण्डेय, नरसिंह राव, आलोक अवस्थी, सुरेश गुप्ता, आर्येन्द्र आर्य, मनोहर तिवारी, संग्राम सिंह राणा, अविनाश श्रीवास्तव, सुधा मिश्रा, बाबुल नाग, राजपाल कसेर व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *