धान के अवैध परिवहन के नौ मामले दर्ज, सात वाहन जप्त


सात जांच नाका में की जा रही है सतत निगरानी

जगदलपुर। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा है कि जिले के किसानों के हितों को कोई बाहरी व्यक्ति प्रभावित नहीं करें। इस हेतु जिले में अवैध धान परिवहनकर्ताओं और संग्राहकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को जिले के किसानों का धान उपार्जन केंद्रों में पहुंचने और शासन की योजनाओं का लाभ दिलवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कृषि उपज मंडी कार्यालय जगदलपुर से प्राप्त जानकारी अनुसार अवैध धान परिवहन के कुल 9 प्रकरणों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। 314 क्विंटल धान और 7 वाहन को जप्त किए गए हैं। जिले में एक जनवरी तक धान का अवैध परिवहन करते हुए 6 लाख 64 हजार 726 रुपए अनुमानित मूल्य का धान जप्त किया गया है। इसके साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा भी अवैध धान परिवहन एवं संग्रहण के विरूद्ध कई प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। जगदलपुर के तहसीलदार द्वारा दिसंबर माह में ओड़िशा राज्य की सीमा में 340 बोरी और 4 जनवरी 2024 को 683 बोरी अवैध धान जब्त किया गया है। इसके अलावा बकावंड तहसील कार्यालय द्वारा भी अवैध धान परिवहन संबंधी प्रकरण दर्ज किया गया है।

धान उपार्जन अवधि के दौरान पड़ोसी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर सीमावर्ती धान खरीदी केंद्रों में विक्रय करने की आशंका रहती है। अतः शासन के निर्देशानुसार जिले के सीमावर्ती जांच नाकों में अवैध धान के आवक पर विशेष निगरानी रखने हेतु जांच नाका धनपूंजी, भेजापदर, कोलावल, नलपावंड, तारापुर, बदलावंड और पोटियावंड में स्थापित किए गए हैं। जांच नाकों में अधिकारियों को सीमावर्ती राज्य से अवैध रुप से बगैर दस्तावेज के धान के परिवहन होने पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। छग शासन खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में नवंबर 2023 से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *